-बापूधाम मोतिहारी स्टेशन पर बड़ी कार्रवाई, मानव तस्कर के चंगुल से 21 बच्चे मुक्त, एक गिरफ्तार
मोतिहारी। जिले के बापूधाम मोतिहारी रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और चाइल्ड लाइन की संयुक्त कार्रवाई में मानव तस्करी के एक बड़े मामले का खुलासा हुआ है। टीम ने 21 बच्चों को संदिग्ध परिस्थितियों से मुक्त कराया है। सभी बच्चों की उम्र लगभग पांच से नौ वर्ष के बीच बताई जा रही है। मामले में एक युवक को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के अनुसार शनिवार की शाम एक युवक 21 बच्चों को लेकर बापूधाम मोतिहारी रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-2 पर अवध एक्सप्रेस पकड़ने पहुंचा था। इसी दौरान चाइल्ड लाइन और आरपीएफ को बच्चों के साथ संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिली। सूचना मिलते ही संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और सभी बच्चों को अपने संरक्षण में ले लिया।

प्राथमिक जांच में पता चला है कि मुक्त कराए गए बच्चे झारखंड और भागलपुर क्षेत्र के रहने वाले हैं। बच्चों के साथ मौजूद युवक की पहचान फोन्सिस किस्पोटा के रूप में हुई है। वह झारखंड के रांची जिले के महुआजाड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत कनीजाडी गांव का निवासी बताया गया है।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपित युवक पिछले पांच से छह महीनों से मोतिहारी के चांदवारी मोहल्ले में किराये का मकान लेकर रह रहा था और बच्चों को भी अपने साथ रखे हुए था। फिलहाल पुलिस और आरपीएफ उससे गहन पूछताछ कर रही है।
रेलवे सुरक्षा बल के अधिकारियों ने बताया कि सभी बच्चों का मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा। इसके बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए बच्चों को बाल कल्याण समिति के सुपुर्द किया जाएगा। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है।











