Advertisement

बकरीद पर मोतिहारी में शांति और सौहार्द

-बकरीद पर मोतिहारी में शांति और सौहार्द

-डीएम-एसपी ने ईदगाह का लिया जायजा

मोतिहारी, राजन द्विवेदी।

पूर्वी चंपारण जिले में बकरीद पर्व शांतिपूर्ण माहौल में मनाया गया। कानून-व्यवस्था और सुरक्षा के मद्देनजर जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल और पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने सुबह मोतिहारी स्थित ईदगाह पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। ईदगाह में सुबह की नमाज शांतिपूर्वक संपन्न हुई। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को बकरीद की मुबारकबाद दी और अमन-चैन की दुआ मांगी।

जिला प्रशासन ने पर्व को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। ईदगाह और आसपास के इलाकों में पुलिस बल की तैनाती रही। ट्रैफिक व्यवस्था भी सुचारु रखी गई ताकि नमाजियों को कोई असुविधा न हो। डीएम और SP ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को भीड़ नियंत्रण और साफ-सफाई को लेकर जरूरी निर्देश दिए।

वहीं दूसरी ओर एसडीपीओ सदर-1 दिलीप कुमार और डीसीएलआर सदर ने भी सुबह शहर की विभिन्न मस्जिदों का भ्रमण किया। उन्होंने जामा मस्जिद, किला मस्जिद समेत अन्य प्रमुख मस्जिदों के बाहर सुरक्षा व्यवस्था देखी और शांतिपूर्ण तरीके से मनाए जा रहे त्योहार का जायजा लिया। प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी से लोगों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन की सक्रियता की सराहना की। जिला प्रशासन ने अपील की है कि पर्व के दौरान सामाजिक सौहार्द बनाए रखें और शांति व्यवस्था में सहयोग करें। अधिकारियों ने कहा कि जिले में त्योहारों के अवसर पर अमन कायम रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है।