Advertisement

बकरीद को लेकर बेनीबाद थाना में शांति समिति की बैठक आयोजित

-बकरीद को लेकर बेनीबाद थाना में शांति समिति की बैठक आयोजित

-थानाध्यक्ष बोले- सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाएं पर्व, अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई

गायघाट/दीपक कुमार: बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर रविवार को बेनीबाद थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रखंड क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोगों ने भाग लिया।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए बेनीबाद थानाध्यक्ष राज कुमार गौतम ने कहा कि सभी लोग आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ बकरीद का पर्व मनाएं। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान शांति भंग करने या किसी तरह की गड़बड़ी फैलाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ प्रशासन कड़ी कार्रवाई करेगा।

थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और इंटरनेट मीडिया पर भी विशेष नजर रखी जा रही है। किसी भी प्रकार के विवादित, भड़काऊ या आपत्तिजनक पोस्ट साझा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि थाना क्षेत्र के संवेदनशील स्थानों पर बकरीद के दौरान मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। साथ ही पूरे क्षेत्र में लगातार पुलिस गश्ती जारी रहेगी तथा असामाजिक तत्वों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।

थानाध्यक्ष ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि यदि कहीं किसी प्रकार की अफवाह फैलती है या कोई संदिग्ध गतिविधि नजर आती है तो इसकी सूचना तत्काल प्रशासन को दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।

बैठक में एएसआई संजय कुमार सिंह, मनीष कुमार समेत थाना क्षेत्र के पंचायत प्रतिनिधि, विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। प्रशासन ने सभी से मिलजुलकर शांतिपूर्ण माहौल में पर्व मनाने का आह्वान किया।