Advertisement

प्रेम प्रसंग के विवाद में विवाहित प्रेमिका पर चाकू से हमला, आरोपी फरार

-प्रेम प्रसंग के विवाद में विवाहित प्रेमिका पर चाकू से हमला, आरोपी फरार

पटना। परसा बाजार थाना क्षेत्र के न्यू एतवारपुर-कुरथौल में प्रेम प्रसंग के विवाद को लेकर एक युवक द्वारा अपनी विवाहित प्रेमिका पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें युवक महिला पर चाकू से हमला करता दिखाई दे रहा है। घटना के दौरान आसपास कई लोग मौजूद थे, लेकिन तत्काल किसी के आगे नहीं आने को लेकर भी चर्चा हो रही है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार को लालू पथ के सामने एक मुर्गा दुकान के पास युवक और महिला के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि इसी दौरान युवक ने दुकान में रखा मुर्गा काटने वाला चाकू उठाकर महिला की गर्दन पर हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और खून से लथपथ होकर सड़क पर गिर पड़ी।


घायल महिला को 70 फीट बाइपास स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान भोला यादव के 35 वर्षीय बेटे राजकुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दो दिन पहले आरोपी ने महिला के लिए कपड़े खरीदे थे और कपड़े सिलवाने के बहाने उसे कुरथौल बुलाया था। इसके बाद दोनों के बीच विवाद हुआ और आरोपी ने कथित तौर पर चाकू से हमला कर दिया।
महिला मूल रूप से जहानाबाद की रहने वाली बताई जा रही है। वह करीब छह महीने पहले पति के साथ एतवारपुर में किराये के मकान में रहती थी। बाद में मकान खाली कर गांधी मैदान इलाके में रहने लगी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से खून के निशान समेत अन्य साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।