-पूसा में आइसा की बैठक, 16वें राज्य सम्मेलन की तैयारियां तेज
पूसा/समस्तीपुर, 6 मई 2026। ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) की उमा पाण्डेय महाविद्यालय इकाई की एक महत्वपूर्ण बैठक बुधवार को कॉलेज परिसर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता इकाई अध्यक्ष स्वाति कुमारी ने की, जबकि संचालन सचिव रंजन कुमार ने किया। बैठक में आइसा जिला उपाध्यक्ष दीपक यदुवंशी पर्यवेक्षक के रूप में मौजूद रहे। वहीं भाकपा-माले जिला कमिटी सदस्य सह आइसा प्रखंड प्रभारी रौशन कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
बैठक के दौरान 9-10 मई को गया में आयोजित होने वाले आइसा के 16वें बिहार राज्य सम्मेलन को लेकर पोस्टर जारी किया गया और व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने का निर्णय लिया गया।
इस मौके पर दीपक यदुवंशी ने केंद्र और राज्य सरकार की शिक्षा नीतियों पर निशाना साधते हुए कहा कि नई शिक्षा नीति 2020 के कारण शिक्षा व्यवस्था पर नकारात्मक असर पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि फीस और हॉस्टल शुल्क में बढ़ोतरी से शिक्षा आम छात्रों की पहुंच से दूर होती जा रही है। साथ ही उन्होंने सम्मेलन को सफल बनाने के लिए छात्रों और आम लोगों से सहयोग की अपील की।

मुख्य अतिथि रौशन कुमार ने कहा कि यूजीसी रेगुलेशन को मजबूत तरीके से लागू करने, 65 प्रतिशत आरक्षण को प्रभावी करने, नई शिक्षा नीति 2020 और वीबीएसए बिल को वापस लेने, फीस वृद्धि पर रोक लगाने तथा शैक्षणिक संस्थानों में जेंडर सेल (GSCASH) के गठन जैसी मांगों को लेकर छात्र आंदोलन को मजबूत करना जरूरी है। उन्होंने गया में होने वाले राज्य सम्मेलन को सफल बनाने का आह्वान किया।
बैठक के बाद प्रखंड के विभिन्न शिक्षण संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर सम्मेलन से संबंधित पोस्टर लगाए गए। इस दौरान आरवाईए नेता गणेश यादव, अग्रसेन कुमार समेत बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।












