-पटना में शुरू हुआ अत्याधुनिक यूपीएचसी, 42 मुफ्त जांच और 150 तरह की दवाओं की सुविधा
पटना। राजधानी पटना के दरियापुर भट्ठी में शहर का सबसे बड़ा और आधुनिक शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (यूपीएचसी) आम लोगों के लिए शुरू हो गया। करीब 1.16 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इस स्वास्थ्य केंद्र का उद्घाटन नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतिश मिश्रा और स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने संयुक्त रूप से किया। राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन के तहत विकसित यह केंद्र आसपास के कई वार्डों की बड़ी आबादी को एक ही परिसर में बेहतर प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराएगा।
इस स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों को मात्र दो रुपये में क्यूआर कोड के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण की सुविधा मिलेगी। यहां सामान्य ओपीडी के साथ 42 प्रकार की पैथोलॉजी जांच नि:शुल्क उपलब्ध होगी, जबकि जरूरतमंद मरीजों को करीब 150 प्रकार की दवाएं भी मुफ्त दी जाएंगी। मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श, जांच और दवा की सुविधा एक ही छत के नीचे मिलेगी।
उद्घाटन के दौरान नगर विकास मंत्री नीतिश मिश्रा ने कहा कि दरियापुर भट्ठी यूपीएचसी को मॉडल स्वास्थ्य केंद्र के रूप में विकसित किया गया है। भविष्य में इसी तर्ज पर पटना नगर निगम के अन्य वार्डों तथा राज्य के अन्य नगर निकायों में भी आधुनिक शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र स्थापित किए जाएंगे।
स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने केंद्र का निरीक्षण किया और स्वयं अपनी नेत्र जांच भी कराई। उन्होंने बताया कि फिलहाल यहां इमरजेंसी के लिए दो बेड की व्यवस्था की गई है, जिसे आवश्यकता के अनुसार आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने जिला कार्यक्रम प्रबंधक विवेक कुमार सिंह से केंद्र की स्वास्थ्य सेवाओं और तकनीकी व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी भी ली।

करीब 288 वर्गमीटर क्षेत्र में बने इस भवन का निर्माण कार्य 6 नवंबर 2024 को शुरू हुआ था। केंद्र में पंजीकरण कक्ष, फार्मेसी, आई लैब, विशेषज्ञ चिकित्सकों के परामर्श कक्ष, एएनसी कक्ष, टीकाकरण कक्ष, आधुनिक पैथोलॉजी लैब, भर्ती मरीजों के लिए वार्ड, चिकित्सक कक्ष और मरीजों व कर्मचारियों के लिए शौचालय जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
यूपीएचसी में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, नियमित टीकाकरण, सामान्य बीमारियों का उपचार, औषधि वितरण, ब्लड प्रेशर, मधुमेह एवं कैंसर जैसी गैर-संचारी बीमारियों की जांच, गर्भवती महिलाओं की देखभाल, बच्चों का टीकाकरण तथा एंटी रैबीज वैक्सीन जैसी सेवाएं भी उपलब्ध रहेंगी।
दरियापुर भट्ठी यूपीएचसी से वार्ड संख्या 37, 38, 39, 40 और 42 के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। केंद्र में डॉ. वैभव अधिकारी, डॉ. निखिल कुमार सहित कुल दस स्वास्थ्यकर्मियों की तैनाती की गई है।
वर्तमान में बिहार में 148 शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र संचालित हैं, जिनमें 33 पटना में हैं। अधिकांश केंद्र अभी किराये के भवनों में संचालित हो रहे हैं। ऐसे में सरकारी भवन में विकसित यह आधुनिक यूपीएचसी शहरी स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। विभाग के अनुसार भविष्य में यहां पॉली क्लीनिक, हाईटेक अल्ट्रासाउंड और फिजियोथेरेपी विंग की सेवाएं भी शुरू की जाएंगी।














