-नेपाल में बाढ़ पीड़ितों के लिए मारवाड़ी समुदाय ने दिल खोलकर किया सहयोग
जनकपुरधाम/मिश्री लाल मधुकर। नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद के लिए मारवाड़ी समुदाय ने बड़े स्तर पर सहयोग किया है। सामाजिक एवं धार्मिक कार्यों में हमेशा अग्रणी रहने वाले इस समुदाय के विभिन्न उद्योगपतियों और संस्थानों ने बाढ़ पीड़ितों के राहत एवं पुनर्वास के लिए करोड़ों रुपये की सहायता के साथ-साथ आवश्यक सामग्री भी उपलब्ध कराई है।
जनकपुरधाम मारवाड़ी सेवा समिति के अध्यक्ष निर्मल कुमार चौधरी के अनुसार, चौधरी फाउंडेशन ने 15 करोड़ रुपये, शंकर ग्रुप ने 4 करोड़ रुपये, त्रिवेणी ग्रुप ने 2.11 करोड़ रुपये, शारदा ग्रुप एवं राठी ग्रुप ने 2 करोड़ रुपये तथा शेखर गोलछा (गोलछा ग्रुप) ने 1.5 करोड़ रुपये का सहयोग किया है।
इसी क्रम में विष्णु अग्रवाल (मोरंग ऑटो वर्क्स) ने 1.11 करोड़ रुपये, रिलायंस स्पिनिंग मिल्स एवं एवरेस्ट शुगर मिल्स ने 1.5 करोड़ रुपये, वरुण बेवरेजेज ने 1.01 करोड़ रुपये और हिमगिरी हाइजीन ने 70 लाख रुपये मूल्य की सामग्री उपलब्ध कराई है।
इसके अलावा अग्रवाल सेवा केंद्र ने 31 लाख रुपये, कयाल ग्रुप ने 25 लाख रुपये, जयश्री फूड्स ने 25 लाख रुपये के साथ 5,000 किलोग्राम चिउरा, आशीष शर्मा (सिंगापुर बेवरेजेज) ने 20 लाख रुपये, श्याम राठी ने 13.5 लाख रुपये और रेंको पेन ने 5 लाख रुपये का सहयोग किया है। शिवम सीमेंट की ओर से 11,000 बैग सीमेंट उपलब्ध कराया गया है।

मारवाड़ी सेवा समिति के अध्यक्ष निर्मल कुमार चौधरी ने कहा कि विपदा की इस घड़ी में समाज के लोगों ने मानवीय संवेदना का परिचय देते हुए पीड़ित परिवारों की मदद के लिए आगे बढ़कर योगदान दिया है। समुदाय का यह सहयोग बाढ़ प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने के साथ उनके पुनर्वास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।












