-नाबालिग लड़की प्रेमी संग फरार, नगद व जेवर लेकर घर से गायब—थाने में मामला दर्ज
राजापाकर/वैशाली | संजय श्रीवास्तव।
बरांटी थाना क्षेत्र के काशीपुर डीह गांव में एक नाबालिग लड़की के अपने प्रेमी के साथ घर से फरार होने का मामला सामने आया है। इस घटना को लेकर लड़की की मां नीतू देवी ने बरांटी थाना में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।
आवेदन में नीतू देवी ने बताया कि वह अपने पति के इलाज के लिए लखनऊ गई हुई थीं। घर और बच्चों की देखरेख के लिए अपने पिता सुरेश सिंह को जिम्मेदारी सौंपकर गई थीं। उन्होंने बताया कि 1 अप्रैल की रात सभी लोग खाना खाकर सो गए थे, लेकिन 2 अप्रैल की सुबह जब उनके पिता उठे तो उनकी 16 वर्षीय पुत्री अंकिता कुमारी अपने बिस्तर पर नहीं मिली।

परिजनों द्वारा आसपास काफी खोजबीन की गई, जिसके बाद जानकारी मिली कि बिदुपुर थाना क्षेत्र के रहिमापुर निवासी संतोष राय का पुत्र शुभम कुमार उनकी बेटी को भगाकर ले गया है। सूचना मिलने के बाद जब परिजन घर लौटे और आरोपी के घर जाकर पूछताछ की, तो आरोप है कि शुभम के परिजनों ने गाली-गलौज कर उन्हें भगा दिया।
नीतू देवी ने अपने आवेदन में यह भी बताया है कि उनकी पुत्री घर से करीब 50 हजार रुपये नगद और लगभग 10 भर सोने के जेवर लेकर गई है।
पुलिस ने आवेदन के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है और लड़की की बरामदगी तथा आरोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।












