-डाटा गांव में 9.92 करोड़ की आरसीसी पाइपलाइन परियोजना शुरू, बाढ़ प्रबंधन को मिलेगी मजबूती
हिसार, 9 मई। नारनौंद क्षेत्र के डाटा गांव में बाढ़ प्रबंधन व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए हरियाणा सरकार की ओर से बड़ी पहल की गई है। सिंचाई विभाग द्वारा लगभग 9 करोड़ 92 लाख रुपये की लागत से आरसीसी पाइपलाइन बिछाने के कार्य का शुक्रवार को शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला परिषद चेयरमैन सोनू सिहाग ने की। उन्होंने विधिवत नारियल फोड़कर परियोजना की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी तथा पूर्व मंत्री कैप्टन अभिमन्यु का आभार जताते हुए कहा कि यह योजना क्षेत्रवासियों के लिए बेहद लाभकारी साबित होगी।
सोनू सिहाग ने कहा कि बरसात के दिनों में जलभराव और बाढ़ की समस्या के कारण किसानों और आमजन को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। आरसीसी पाइपलाइन परियोजना पूरी होने के बाद जल निकासी व्यवस्था मजबूत होगी और लोगों को राहत मिलेगी।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के विकास और मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। बाढ़ प्रबंधन को लेकर शुरू की गई यह परियोजना सरकार की जनहितकारी सोच का उदाहरण है।
कार्यक्रम में मौजूद ग्रामीणों ने भी मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और कैप्टन अभिमन्यु के प्रति आभार व्यक्त किया। लोगों ने कहा कि लंबे समय से प्रभावी जल निकासी व्यवस्था की आवश्यकता महसूस की जा रही थी और इस परियोजना से क्षेत्र को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
अपने संबोधन में सोनू सिहाग ने कहा कि डाटा गांव सहित नारनौंद क्षेत्र हर वर्ष बरसात के मौसम में जलभराव और बाढ़ की समस्या से प्रभावित रहता है। खेतों और आबादी वाले इलाकों में पानी भरने से किसानों को नुकसान उठाना पड़ता था और जनजीवन प्रभावित होता था। अब इस परियोजना के जरिए जल निकासी व्यवस्था को स्थायी रूप से मजबूत किया जाएगा।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य तय समय सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि लोगों को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके।
इस अवसर पर सिंचाई विभाग के अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि, गणमान्य लोग और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।












