Advertisement

जैव विविधता संरक्षण के प्रति छात्रों को किया जागरूक, पोस्टर प्रस्तुति कार्यक्रम का आयोजन

-जैव विविधता संरक्षण के प्रति छात्रों को किया जागरूक, पोस्टर प्रस्तुति कार्यक्रम का आयोजन

मुजफ्फरपुर। अंतरराष्ट्रीय जैव विविधता दिवस के अवसर पर स्नातकोत्तर प्राणिशास्त्र विभाग द्वारा स्नातक एवं स्नातकोत्तर विद्यार्थियों के लिए “जैव विविधता एवं उसका संरक्षण” विषय पर पोस्टर प्रस्तुति कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में जैव विविधता संरक्षण, पारिस्थितिक संतुलन, पर्यावरणीय स्थिरता तथा वन्यजीव संरक्षण के प्रति वैज्ञानिक जागरूकता विकसित करना था।

हर वर्ष 22 मई को मनाए जाने वाले अंतरराष्ट्रीय जैव विविधता दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम की वर्ष 2026 की थीम “स्थानीय स्तर पर कार्य, वैश्विक प्रभाव के लिए” रखी गई थी। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए जैव विविधता, पर्यावरणीय चुनौतियों एवं संरक्षण रणनीतियों से जुड़े विभिन्न विषयों पर आकर्षक और जानकारीपूर्ण पोस्टर प्रस्तुत किए।

कार्यक्रम का आयोजन प्राणिशास्त्र विभागाध्यक्ष एवं कार्यक्रम संयोजक डॉ. अर्चना गुप्ता के निर्देशन में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्या डॉ. अलका जायसवाल ने की। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की प्रेरणा दी।

आयोजन समिति में प्राणिशास्त्र विभाग की सहायक प्राध्यापिका डॉ. पल्लवी एवं डॉ. रचना शामिल रहीं। कार्यक्रम में महाविद्यालय के विभिन्न विभागों के शिक्षकगणों ने भी भाग लिया तथा विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण सहभागिता एवं सार्थक शैक्षणिक संवाद के साथ हुआ। इस अवसर पर महाविद्यालय की छात्राओं, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं शिक्षकेतर कर्मचारियों की उपस्थिति ने जैव विविधता संरक्षण के प्रति सामूहिक उत्तरदायित्व और जागरूकता के संदेश को और मजबूत किया।