Advertisement

जिहुली डबल हत्याकांड: एसपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण, फरार आरोपियों पर 20-20 हजार का इनाम

-जिहुली डबल हत्याकांड: एसपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण, फरार आरोपियों पर 20-20 हजार का इनाम

मोतिहारी। राजन द्विवेदी। पूर्वी चंपारण जिले के पताही थाना क्षेत्र के जिहुली गांव में हुए डबल हत्याकांड के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। रविवार को एसपी स्वर्ण प्रभात ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने मृतका मनीना खातून और जमी अहमद के परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और उन्हें न्याय का भरोसा दिलाया।

एसपी ने बताया कि मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। वहीं, फरार आरोपियों पर 20-20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि फरार आरोपी एक सप्ताह के भीतर आत्मसमर्पण नहीं करते हैं, तो न्यायालय से आदेश प्राप्त कर उनके घरों की कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी आरोपियों को स्पीडी ट्रायल के माध्यम से सजा दिलाने की दिशा में कार्रवाई करेगी।

एसपी ने बताया कि घटना के दिन से ही पुलिस और एफएसएल की टीम जांच में जुटी है। घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। मामले में लापरवाही बरतने को लेकर पूर्व थानाध्यक्ष पर कार्रवाई की गई है, जबकि नए थानाध्यक्ष के रूप में अभिषेक कुमार को पदस्थापित किया गया है। गांव में एहतियात के तौर पर पुलिस बल की तैनाती की गई है।

बताया गया कि बुधवार को भैंस नहलाने के दौरान पानी बहने को लेकर दो गुटों के बीच विवाद हुआ था। उस समय पुलिस एवं स्थानीय लोगों की पहल पर विवाद को शांत करा दिया गया था। आरोप है कि बाद में रात में एक गुट के लोगों ने दूसरे गुट पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में एक महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई थी।

घटनास्थल के निरीक्षण के दौरान पकड़ीदयाल डीएसपी अभिषेक कुमार, इंस्पेक्टर सुजीत कुमार दास और पताही थानाध्यक्ष सहित पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।