-जन्माष्टमी पर डांडिया और मटकी फोड़ बना आकर्षण का केंद्र
मुजफ्फरपुर/बंदरा(दीपक तिवारी)। प्रखंड क्षेत्र के शिवशक्ति धाम बरियारपुर मोहनपुर में जन्माष्टमी महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर बाबा बुद्धेश्वरनाथ महादेव एवं माता का भव्य श्रृंगार, 56 भोग, भजन संध्या के साथ डांडिया और मटकी फोड़ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया।
जन्माष्टमी को लेकर मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। मध्य रात्रि 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव पर विशेष पूजा-अर्चना की गई। भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के बाद श्रद्धालुओं ने आरती की और भक्तों के बीच छप्पन भोग महाप्रसाद का वितरण किया गया। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर भक्ति और उल्लास के माहौल में डूबा रहाl

देर रात श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के समय युवाओं की टोली ने उत्साह के साथ मटकी फोड़ी। मटकी फूटते ही मौजूद श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के जयकारे लगाए, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। वहीं डांडिया कार्यक्रम में भी युवाओं और श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
धर्मादा कमिटी के अध्यक्ष विमल कुमार सिंह ने कहा कि इस तरह के धार्मिक आयोजनों से युवाओं में धर्म और संस्कृति के प्रति आस्था मजबूत होती है। उन्होंने आयोजन में ग्रामीण युवाओं के उत्साह की सराहना की। धार्मिक प्रस्तुतियों, भजन संध्या, डांडिया और मटकी फोड़ कार्यक्रम ने जन्माष्टमी महोत्सव को यादगार बना दिया।












