Advertisement

ग्रामीण सड़कों की नियमित मॉनिटरिंग करें, बाढ़ से क्षतिग्रस्त पुल-पुलियों की मरम्मत में लाएं तेजी : सम्राट चौधरी

-ग्रामीण सड़कों की नियमित मॉनिटरिंग करें, बाढ़ से क्षतिग्रस्त पुल-पुलियों की मरम्मत में लाएं तेजी : सम्राट चौधरी

पटना, 15 सितंबर 2026(दीपक तिवारी)। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ग्रामीण कार्य विभाग के अंतर्गत संचालित योजनाओं की समीक्षा करते हुए ग्रामीण सड़कों की नियमित मॉनिटरिंग और बेहतर रख-रखाव सुनिश्चित करने का निर्देश अधिकारियों को दिया है। उन्होंने ग्रामीण सड़कों, पुल-पुलियों और आधारभूत संरचनाओं से जुड़ी योजनाओं को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध तरीके से पूरा करने को कहा।

लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प सभागार’ में आयोजित समीक्षा बैठक में ग्रामीण कार्य विभाग के सचिव अभय कुमार सिंह ने विभाग की वर्तमान एवं भविष्य की योजनाओं का प्रस्तुतीकरण दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ग्राम संपर्क योजना, मुख्यमंत्री ग्राम संपर्क योजना (अवशेष), मुख्यमंत्री ग्रामीण सेतु योजना, सुलभ संपर्कता योजना, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना सहित ग्रामीण सड़कों के सुदृढ़ीकरण एवं प्रबंधन से संबंधित कार्यों की विस्तृत जानकारी दी गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों का विकास और जनसुविधाओं को गति देना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। ग्रामीण इलाकों में सड़क, पुल-पुलिया और अन्य बुनियादी ढांचे से जुड़ी योजनाओं को गुणवत्तापूर्ण तरीके से समय पर पूरा करने से लोगों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी गति मिलती है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण सड़कों के निर्माण और रख-रखाव पर बड़ी राशि खर्च कर रही है। गांवों में सुगम संपर्कता बनी रहे, इसके लिए ग्रामीण कार्य विभाग लगातार सड़कों की मॉनिटरिंग कराए। मुख्यमंत्री ने हाल की बाढ़ के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों एवं पुल-पुलियों का आकलन कराकर मरम्मती कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया, ताकि प्रभावित क्षेत्रों में आवागमन जल्द सामान्य हो सके।

मुख्यमंत्री ने विभाग के अंतर्गत संचालित सभी योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने तथा ग्रामीण पथों के नियमित रख-रखाव पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने ग्रामीण सड़कों को भारी यातायात से होने वाले नुकसान से बचाने के लिए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया।

बैठक में ग्रामीण कार्य मंत्री सुनील कुमार, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, वित्त विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, ग्रामीण कार्य विभाग के सचिव अभय कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित रहे।