Advertisement

कोल्ड ड्रिंक-बिस्किट का ऐसा चक्कर, पटरियों पर गिरे शख्स के ऊपर से गुजर गई पूरी ट्रेन, देखिए फिर क्या हुआ

-कोल्ड ड्रिंक-बिस्किट का ऐसा चक्कर, पटरियों पर गिरे शख्स के ऊपर से गुजर गई पूरी ट्रेन, देखिए फिर क्या हुआ

बगहा/पटना।सम्वाददाता।

कहते हैं जाको राखे साईयां मार सके ना कोय। बिहार के बगहा में ऐसा ही चौंकाने वाला मामला सामने आया जब एक शख्स के ऊपर से पूरी ट्रेन ही गुजर गई। इस घटना को जिसने भी देखा वो सन्न रह गया। गनीमत ये रही कि रेल की पटरियों पर गिरे शख्स को हल्की चोट आई हैं। हालांकि, पूरी ट्रेन के ऊपर से गुजर जाने के बावजूद उसकी जान बच गई। आखिर क्या हुआ ऐसा कि ये शख्स रेल पटरियों के बीच फंस गया और ट्रेन की चपेट में आने से बच गया।


ऊपर से गुजर गई मौत!

कई बार ऐसा होता है कि इंसान सोचता कुछ है और हो कुछ और ही जाता है। पश्चिम चंपारण के बगहा में कुछ ऐसा ही घटनाक्रम हुआ जिसे देखकर कोई भी दांतों तले उंगलियां दबा लेगा। हुआ यूं कि बगहा में एक युवक के ऊपर से पुरी ट्रेन गुजर गई और युवक सही सलामत बच गया। हालांकि इस दरमियान युवक को हल्की चोट आई है। जिसे अनुमंडलीय अस्पताल में इलाज के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।

सत्याग्रह ट्रेन से जा रहा था दिल्ली:

युवक की पहचान बेतिया स्थिति उत्तरवारी पोखरा निवास प्रतीक कुमार (24) के रूप में हुई है। प्रतीक ने बताया कि वह सत्याग्रह ट्रेन से बेतिया से दिल्ली जा रहा था। इसी दौरान कोल्ड ड्रिंक और बिस्किट लेने के लिए वो बगहा स्टेशन पर उतरा। जब वो कोल्ड ड्रिंक और बिस्किट लेकर लौटा तो ट्रेन स्टेशन से चल चुकी थी।

कोल्ड ड्रिंक-बिस्किट लेने प्लेटफॉर्म पर उतरा:

24 वर्षीय प्रतीक के मुताबिक, ट्रेन के स्टेशन से चलते ही वो जल्दबाजी में दौड़ते हुए उसे पकड़ने के लिए गया। इसी बीच अचानक पैर फिसलने के कारण वो सीधे पटरी पर जा गिरा। इस बीच ट्रेन सरकती हुई बगहा स्टेशन को छोड़कर रवाना हो गई। इधर युवक को गिरते हुए RPF और स्थानीय लोगों ने देख लिया। आरपीएफ के जवान चिल्लाने लगे सब ने कहा तुम पटरी पर ही सीधे लेट जाओ। युवक ने वैसा ही किया और पटरी के बीच में लेट गया।
धीरे-धीरे पूरी ट्रेन उसके ऊपर से गुजर गई। हालांकि इस बीच शख्स को हल्की चोट भी लगी है लेकिन उसकी जान बच गई। इधर जैसे ही मामले की सूचना युवक के घर वालों को हुई तो वो तुरंत ही प्रतीक के पास पहुंचे। इस बीच युवक को अनुमंडलीय अस्पताल प्राथमिक इलाज कराया गया। फिर युवक का मौसेरा भाई अस्पताल पहुंचकर उसे अपने साथ ले गया। हालांकि, जिन लोगों ने इस पूरे दृश्य को देखा उनकी सांसे थम गई थी। युवक सही सलामत ट्रेन के बीचों बीच से निकला तो सब ने बस यही कहा जाको राखे साइयां मार सके ना कोय।