Advertisement

केथरिया हत्याकांड में दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई, आयुक्त ने दिए जांच के निर्देश

-केथरिया हत्याकांड में दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई, आयुक्त ने दिए जांच के निर्देश

सीतामढ़ी। प्रमंडलीय आयुक्त गिरिवर दयाल सिंह एवं पुलिस उप महानिरीक्षक सत्यनारायण कुमार ने सोमवार को सीतामढ़ी के केथरिया गांव पहुंचकर जिला परिषद सदस्य के पति बैद्यनाथ महतो की हत्या के बाद शोकाकुल परिवार से मुलाकात की। इस दौरान जिलाधिकारी तनय सुल्तानिया और पुलिस अधीक्षक अमित रंजन भी मौजूद रहे। आयुक्त ने मृतक की पत्नी, परिजनों और बच्चों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की तथा प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग और सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
प्रमंडलीय आयुक्त ने कहा कि बैद्यनाथ महतो की हत्या अत्यंत गंभीर और दुखद घटना है। प्रशासन पूरे मामले को गंभीरता से ले रहा है। घटना में शामिल सभी लोगों की भूमिका की निष्पक्ष एवं गहन जांच कराई जा रही है। जांच में जिसकी भी संलिप्तता सामने आएगी, उसके विरुद्ध विधिसम्मत कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि दोषियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।
आयुक्त ने एसपी को निर्देश दिया कि तत्कालीन थानाध्यक्ष और अनुसंधानकर्ता की भूमिका की भी जांच कराई जाए। यदि जांच में किसी पदाधिकारी या अन्य व्यक्ति की लापरवाही, कर्तव्य में शिथिलता अथवा घटना में संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।


परिवार की सुरक्षा को लेकर आयुक्त ने मृतक की पत्नी, जो जिला परिषद सदस्य हैं, को तत्काल बॉडीगार्ड उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। साथ ही अगले आदेश तक केथरिया गांव में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती बनाए रखने को कहा, ताकि सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रहे और ग्रामीणों में विश्वास का माहौल कायम हो।
उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को सरकार की ओर से नियमानुसार मिलने वाली सभी सहायता एवं सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। जिला प्रशासन को इस दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।
आयुक्त ने क्षेत्र में शराब के अवैध आवागमन और इससे जुड़े तत्वों की गतिविधियों की भी गहन समीक्षा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। अवैध गतिविधियों से अर्जित संपत्ति के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई करते हुए आवश्यकता पड़ने पर संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी को क्षेत्र में आवश्यकतानुसार चेकपोस्ट का निर्माण कराने और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया। वहीं, सीमा क्षेत्र के सभी थानों में थानाध्यक्षों के कार्यकलापों की गहन समीक्षा करने को कहा गया। कर्तव्य में लापरवाही या शिथिलता बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई तथा जरूरत पड़ने पर उन्हें तत्काल हटाने का निर्देश भी दिया गया।
आयुक्त ने अधिकारियों को विधि-व्यवस्था संधारण के लिए मिशन मोड में कार्रवाई करने का निर्देश देते हुए स्पष्ट कहा कि विधि-व्यवस्था से कोई समझौता नहीं किया जा सकता। उन्होंने सभी अधिकारियों को सजग, तत्पर और प्रतिबद्ध रहने तथा सभी स्टेकहोल्डर्स के बीच सार्थक समन्वय एवं सुदृढ़ संवाद बनाए रखने का निर्देश दिया।
मौके पर विधायक रामेश्वर महतो, पूर्व विधान परिषद सदस्य सहित जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के वरीय अधिकारी मौजूद रहे।