-कानियाइनार में भीषण अग्निकांड, गरीब का आशियाना राख, बेटी की शादी के जेवर भी जले
मुजफ्फरपुर। जिले के गायघाट प्रखंड की बोआरीडीह पंचायत अंतर्गत कानियाइनार टोले में रविवार दोपहर भीषण अग्निकांड में एक गरीब परिवार का आशियाना पूरी तरह खाक हो गया। आग की इस घटना में घर में रखा अनाज, कपड़े, बर्तन और बेटी की शादी के लिए रखे कीमती जेवर सहित हजारों की संपत्ति जलकर राख हो गई।
जानकारी के अनुसार, रविवार करीब 3 बजे लालो देवी के घर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते पछुआ हवा के कारण आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। जब तक लोग कुछ समझ पाते, तब तक लपटों ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया।

आग लगते ही गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने की काफी कोशिश की, लेकिन तेज लपटों के कारण घर के पास जाना भी मुश्किल हो गया। सूचना देने के बाद काफी देर से दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची। अग्निशमन टीम ने आग पर काबू तो पा लिया, लेकिन तब तक सब कुछ जलकर राख हो चुका था।
पीड़िता लालो देवी ने रोते हुए बताया कि घर में रखा दाना-दाना जल गया है और अब रात के खाने के लिए भी कुछ नहीं बचा है। उन्होंने प्रशासन से मदद और मुआवजे की गुहार लगाई है।
इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक और सहानुभूति का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को शीघ्र राहत प्रदान करने की मांग की है।












