-कांटी नगर परिषद को विकास की बड़ी सौगात, सवा करोड़ की तीन योजनाओं का शिलान्यास
मुजफ्फरपुर (कांटी)। कांटी नगर परिषद क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में मंगलवार को सवा करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली तीन महत्वपूर्ण विकास योजनाओं का शिलान्यास क्षेत्रीय विधायक सह पूर्व मंत्री इंजीनियर अजीत कुमार ने किया। इनमें दो नाला निर्माण योजनाएं और लंबे समय से लंबित कांटी हाई स्कूल से बहादुरपुर मार्ग का निर्माण कार्य शामिल है।
विधायक अजीत कुमार ने वार्ड-13 में कन्या मध्य विद्यालय के समीप से लोहार टोला तक लगभग 25 लाख रुपये की लागत से बनने वाले नाला निर्माण कार्य तथा वार्ड-22 के कुशी हरपुर में उपेंद्र ठाकुर के घर से संजीव ठाकुर के घर तक करीब 9 लाख रुपये की लागत से बनने वाले नाला निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इसके बाद उन्होंने कांटी हाई स्कूल से बहादुरपुर मार्ग निर्माण कार्य की भी आधारशिला रखी, जिससे हजारों लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए विधायक अजीत कुमार ने कहा कि कांटी नगर परिषद में विकास कार्य तेज गति से आगे बढ़ रहे हैं और शेष परियोजनाओं को भी जल्द पूरा कराया जाएगा। उन्होंने निर्माण एजेंसी को गुणवत्ता के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए स्थानीय लोगों से भी निर्माण कार्य की निगरानी करने और किसी भी अनियमितता की जानकारी देने की अपील की।
विधायक ने यह भी घोषणा की कि कांटी नगर परिषद में जल्द ही वृद्धाश्रम और कांटी प्रखंड परिसर में एक बड़े पार्क का निर्माण कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता से किए गए वादों को पूरा करना उनकी प्राथमिकता है और इसी कड़ी में बहादुरपुर मार्ग के निर्माण का सपना भी अब साकार हो रहा है।
उन्होंने बताया कि सड़क जर्जर होने के कारण आसपास के हजारों लोगों को छह से सात किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती थी। सड़क निर्माण पूरा होने के बाद लोगों को सीधे आवागमन की सुविधा मिलेगी और समय व दूरी दोनों की बचत होगी।
नगर परिषद के सभापति दिलीप कुमार और उपसभापति अजय कुमार गुप्ता ने कहा कि विधायक अजीत कुमार के सहयोग से नगर परिषद क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिली है। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने विधायक का फूल-मालाओं से स्वागत करते हुए विकास योजनाओं के लिए आभार व्यक्त किया।












