–कलश पूजा के साथ नूनफारा डीह में चैत्र नवरात्र की शुरुआत, 27 मार्च को रामनवमी मेला
मुजफ्फरपुर/बन्दरा | दीपक तिवारी:
प्रखंड क्षेत्र के नूनफारा डीह स्थित लक्ष्मी नारायण मंदिर परिसर में कलश पूजा के साथ चैत्र नवरात्र का शुभारंभ किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार और भक्तिमय माहौल के बीच श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर मां दुर्गा का आह्वान किया।
आयोजन समिति के अनुसार आगामी 27 मार्च को चैत्र रामनवमी पूजन सह भव्य मेले का आयोजन किया जाएगा।

हर वर्ष यहां चैत्र रामनवमी के अवसर पर विशाल मेला लगता है, जिसमें दूर-दराज से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं।
पूजा-अनुष्ठान का संचालन आचार्य अवधेश झा के निर्देशन में किया जा रहा है, जबकि प्रधान पुजारी के रूप में मनोज ठाकुर अपनी भूमिका निभा रहे हैं।
इस आयोजन को सफल बनाने में पूजा समिति के सदस्य बिक्की झा, अमरनाथ ठाकुर, कमलेश कुमार, सुबोध राय समेत नवयुवक दुर्गा पूजा समिति, नूनफारा डीह के सदस्य सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।
पूरे क्षेत्र में नवरात्र को लेकर उत्साह और श्रद्धा का माहौल बना हुआ है।











