Advertisement

कटिहार NH-31 पर भीषण सड़क हादसा: 13 की मौत, दो दर्जन से अधिक घायल

-कटिहार NH-31 पर भीषण सड़क हादसा: 13 की मौत, दो दर्जन से अधिक घायल

कटिहार। जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र में NH-31 पर रविवार शाम एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। तेज रफ्तार बस और पिकअप वैन के बीच हुई सीधी टक्कर इतनी भयावह थी कि मौके पर ही 13 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में कई की हालत नाजुक बनी हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा शाम करीब 6:30 बजे बासघरा के पास हुआ। बस भागलपुर की ओर जा रही थी और शुरुआत से ही तेज रफ्तार में थी। यात्रियों ने कई बार चालक को सावधानी बरतने की चेतावनी दी, लेकिन जल्दबाजी और लापरवाही के चलते बस की गति और बढ़ा दी गई। इसी दौरान बस अनियंत्रित होकर पिकअप वैन से टकरा गई और फिर सड़क किनारे पोल से जा भिड़ी।
इस दर्दनाक हादसे की सबसे दुखद बात यह रही कि मृतकों में ज्यादातर महिलाएं शामिल हैं, जो अपने परिवार की आधार स्तंभ थीं। कई घरों के चिराग एक ही झटके में बुझ गए, जिससे पूर्णिया और आसपास के इलाकों में मातम पसरा हुआ है।


हादसे की चपेट में एक बाइक सवार भी आ गया, जिसकी मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और सड़क खून से लाल हो गई। हादसे के कारण NH-31 पर करीब दो किलोमीटर लंबा जाम लग गया।
घटना के बाद प्रशासन तुरंत हरकत में आया। सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। देर रात तक पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शवों को परिजनों को सौंप दिया गया। जिला प्रशासन ने 13 मौतों की आधिकारिक पुष्टि की है।
पूर्व डिप्टी सीएम तार किशोर प्रसाद ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताई है।
यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने की खतरनाक सच्चाई को उजागर करता है। सवाल अब भी वही है—आखिर कब थमेगी रफ्तार की यह लापरवाही और कब सड़कें सुरक्षित बनेंगी?