Advertisement

कटिहार स्टेशन पर आरपीएफ जवान ने दिखाई बहादुरी, चलती ट्रेन से गिरने वाली बुजुर्ग महिला की बचाई जान

-कटिहार स्टेशन पर आरपीएफ जवान ने दिखाई बहादुरी, चलती ट्रेन से गिरने वाली बुजुर्ग महिला की बचाई जान

कटिहार। कटिहार रेलवे स्टेशन पर मानवता और बहादुरी की एक ऐसी मिसाल सामने आई है, जिसने हर किसी का दिल जीत लिया। प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर चलती ट्रेन से उतरने की कोशिश कर रही एक बुजुर्ग महिला हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गई। ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ कांस्टेबल अमित ने अपनी सूझबूझ और फुर्ती दिखाते हुए महिला की जान बचा ली।

यह पूरी घटना स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जानकारी के अनुसार घटना सुबह करीब 4:45 बजे की है, जब ट्रेन संख्या 15701 सिलीगुड़ी इंटरसिटी एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर पहुंची थी। इसी दौरान एक बुजुर्ग महिला यात्री चलती ट्रेन से उतरने की कोशिश करने लगी।

जैसे ही महिला ने प्लेटफॉर्म पर कदम रखा, उसका संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रेन एवं प्लेटफॉर्म के बीच फंसने की स्थिति में पहुंच गई। मौके पर मौजूद लोगों की सांसें थम गईं। तभी वहां ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ कांस्टेबल अमित ने बिना समय गंवाए दौड़ लगाई और महिला को खींचकर सुरक्षित बाहर निकाल लियाl

आरपीएफ जवान की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद स्टेशन पर मौजूद यात्रियों ने राहत की सांस ली और जवान की जमकर प्रशंसा की।

पूछताछ में महिला ने बताया कि वह गलती से गलत ट्रेन में चढ़ गई थी। उसे मालदा जाने वाली पैसेंजर ट्रेन पकड़नी थी, लेकिन जल्दबाजी में वह सिलीगुड़ी इंटरसिटी एक्सप्रेस में सवार हो गई। अपनी गलती का एहसास होने पर उसने चलती ट्रेन से उतरने की कोशिश की, जिससे यह हादसा होते-होते बचा।

आरपीएफ कांस्टेबल अमित की बहादुरी और त्वरित कार्रवाई ने एक बार फिर साबित कर दिया कि रेलवे सुरक्षा बल यात्रियों की सुरक्षा के लिए हर समय सतर्क और समर्पित रहता है। सीसीटीवी में कैद यह घटना अब सोशल मीडिया पर ‘रियल लाइफ हीरो’ की मिसाल बन चुकी है और हर तरफ जवान की सराहना हो रही है।