-एफसीआई गोदाम गली में लटकता बिजली तार और जर्जर ट्रांसफार्मर, हादसे की आशंका
मुजफ्फरपुर।
शहर के एफसीआई गोदाम गली में बीते तीन दिनों से बिजली का तार लटक रहा है, वहीं ट्रांसफार्मर और पोल की स्थिति भी काफी जर्जर हो चुकी है। इससे स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। मोहल्लेवासियों का कहना है कि कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है, लेकिन विभाग अब तक बेखबर बना हुआ है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि लटकते तार की वजह से राहगीरों, बच्चों और वाहनों के लिए खतरा लगातार बना हुआ है। खासकर बारिश या हवा के समय करंट लगने की आशंका और बढ़ जाती है। ट्रांसफार्मर और पोल की हालत भी ऐसी है कि गिरने का डर बना रहता है।

मोहल्ले के निवासियों ने कई बार बिजली विभाग को इसकी सूचना दी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। लोगों का कहना है कि विभाग शायद किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से जल्द से जल्द तार की मरम्मत, ट्रांसफार्मर और पोल को दुरुस्त करने की मांग की है, ताकि किसी अनहोनी से बचा जा सके।












