-आस्था का प्रतीक पीपल का पेड़ गिरा, बिजली खंभा व झोपड़ी क्षतिग्रस्त
राजापाकर(वैशाली)। संजय श्रीवास्तव
राजापाकर दक्षिणी पंचायत के दक्षिण टोला स्थित काली स्थान परिसर में लगा करीब 50 साल पुराना पीपल का विशाल पेड़ अचानक गिर जाने से इलाके में हलचल मच गई। इस घटना में बिजली का खंभा और एक झोपड़ी भी क्षतिग्रस्त हो गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार यह पीपल का पेड़ वर्षों से आस्था का केंद्र रहा है। शादी-विवाह जैसे मांगलिक अवसरों के साथ-साथ काली पूजा के दौरान भी ग्रामीण इस पेड़ के पास पूजा-अर्चना करते थे।

बताया जा रहा है कि यह पेड़ पिछले करीब तीन वर्षों से सूखा हुआ था और सड़क किनारे स्थित होने के कारण लोगों में इसके गिरने का भय भी बना रहता था।
बीती रात अचानक पेड़ के गिर जाने से बिजली का खंभा भी टूट गया और पास की एक झोपड़ी को नुकसान पहुंचा। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
ग्रामीणों ने बताया कि पेड़ के गिरने से उन्हें गहरा दुख हुआ है, क्योंकि यह सिर्फ एक पेड़ नहीं बल्कि उनकी आस्था और परंपरा का प्रतीक था।
फिलहाल ग्रामीणों में घटना को लेकर मायूसी का माहौल है और प्रशासन से क्षतिग्रस्त बिजली व्यवस्था को जल्द बहाल करने की मांग की जा रही है।












