-अहियापुर में टेंट हाउस कर्मी की संदिग्ध मौत मामले में महिला गिरफ्तार, मौत की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस
मुजफ्फरपुर। अहियापुर थाना क्षेत्र में किराए के कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में 35 वर्षीय टेंट हाउस कर्मी उपेंद्र पासवान की मौत के मामले में पुलिस ने आरोपी बनाई गई महिला कामनी देवी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसे करजा थाना क्षेत्र के मड़वन के पास से पकड़ा। कामनी देवी सरैया थाना क्षेत्र की रहने वाली बताई गई है। मृतक के परिजनों ने कथित प्रेम प्रसंग के चलते कामनी देवी को उपेंद्र की मौत के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए अहियापुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
पुलिस के अनुसार, घटना के बाद से महिला की तलाश की जा रही थी। मामले की जांच के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। साथ ही मानवीय सूचना संकलन और तकनीकी टीम की मदद से पुलिस को महिला के मड़वन के पास होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने उसे एक रिश्तेदार के यहां जाने के दौरान पकड़ लिया।
बताया जा रहा है कि उपेंद्र पिछले करीब तीन महीने से कामनी देवी और उसके दो बच्चों के साथ अहियापुर इलाके में किराए के मकान में रह रहा था। इसी दौरान कमरे में उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में लाश मिली थी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था।

पुलिस की पूछताछ में महिला ने बताया है कि उपेंद्र के सिर में गहरी चोट लगने से उसकी मौत हुई थी। मौत के बाद वह घबरा गई और अपने बच्चों के साथ कमरे से निकल गई। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज में महिला को बच्चों के साथ जाते हुए भी देखा गया है। हालांकि पुलिस ने अभी महिला के बयान को अंतिम सत्य नहीं माना है।
पुलिस का कहना है कि उपेंद्र की मौत हत्या, आत्महत्या या किसी अन्य परिस्थिति में हुई, इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है। प्रेम प्रसंग से जुड़े इस मामले में सभी संभावित बिंदुओं पर जांच की जा रही है। घटनास्थल पर एफएसएल टीम को बुलाकर साक्ष्यों की जांच कराई गई है और पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का भी इंतजार कर रही है।
एसडीपीओ नगर क्षेत्र-दो कार्तिकेयन के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम मामले की जांच कर रही है। पुलिस गिरफ्तार महिला को घटनास्थल पर ले जाकर सीन रीक्रिएट भी कराएगी, ताकि उस रात हुए घटनाक्रम को समझा जा सके और महिला के बयान की सत्यता की जांच की जा सके। पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच की रिपोर्ट के बाद उपेंद्र की मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।












