Advertisement

स्व. बिंदी प्रसाद यादव की छठी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा, जनसेवा को किया गया याद

-स्व. बिंदी प्रसाद यादव की छठी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा, जनसेवा को किया गया याद

गया। गया जिला परिषद परिसर में पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष स्वर्गीय बिंदी प्रसाद यादव की छठी पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की गई तथा उनके सामाजिक योगदान और जनसेवा को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।
श्रद्धांजलि सभा में बेलागंज विधायक मनोरमा देवी, जिला परिषद अध्यक्ष नैना कुमारी, जिला परिषद उपाध्यक्ष डॉ. शितल प्रसाद यादव, नगर प्रखंड प्रमुख सुचित्रा रंजनी, उप प्रमुख सतीश पटेल, जिला परिषद सदस्य, पूर्व जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
सभा को संबोधित करते हुए बेलागंज विधायक मनोरमा देवी ने कहा कि स्वर्गीय बिंदी प्रसाद यादव के प्रति लोगों का प्रेम और सम्मान आज भी बरकरार है। उनकी पुण्यतिथि पर बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति इस बात का प्रमाण है कि उन्होंने अपने जीवन में समाज के लिए जो कार्य किए, वे आज भी लोगों के दिलों में जीवित हैं। उन्होंने उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए कहा कि सभी को उनके बताए मार्ग पर चलकर समाज सेवा और जनहित के कार्यों को आगे बढ़ाना चाहिए।


उन्होंने कहा कि स्व. बिंदी प्रसाद यादव ने अपने सार्वजनिक जीवन में गरीबों, दलितों और वंचित वर्ग के उत्थान के लिए लगातार कार्य किया। जिला परिषद के उपाध्यक्ष के रूप में उन्होंने ग्रामीण विकास और समाज के कमजोर तबकों के हित में कई महत्वपूर्ण पहल की। कोरोना काल में उनके निधन को क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए विधायक ने कहा कि उनकी सेवाएं हमेशा याद रखी जाएंगी।
मनोरमा देवी ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके विश्वास और सहयोग से उन्हें बेलागंज की जनता की सेवा करने का अवसर मिला है। उन्होंने सभी लोगों से आपसी भाईचारा बनाए रखते हुए समाज के विकास के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया।
इस मौके पर स्वर्गीय बिंदी प्रसाद यादव के पुत्र रॉकी यादव ने कहा कि उनके पिता की पुण्यतिथि पर उनके चाहने वाले बड़ी संख्या में श्रद्धांजलि अर्पित करने पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि परिवार उनके बताए आदर्शों और मार्गदर्शन पर चलकर समाज सेवा का कार्य आगे बढ़ाने का प्रयास करेगा।
जिला परिषद उपाध्यक्ष डॉ. शितल प्रसाद यादव ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि स्वर्गीय बिंदी प्रसाद यादव मगध क्षेत्र में धरती पुत्र के रूप में जाने जाते थे और गरीब जनता के सच्चे हितैषी थे। उन्होंने कहा कि जिला परिषद में उनके कई अधूरे सपनों को पूरा करने का प्रयास किया गया है और जिला परिषद अध्यक्ष नैना कुमारी के साथ मिलकर उनके पदचिह्नों पर चलते हुए विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्व. बिंदी प्रसाद यादव के कार्यों की बदौलत आज भी लोगों का उनके प्रति अपार सम्मान कायम है और उनकी पुण्यतिथि पर उमड़ी भीड़ इसका प्रमाण है। अंत में उन्होंने कार्यक्रम में शामिल सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।