Advertisement

सुपौल बॉर्डर पर नशे में धुत 5 शिक्षक गिरफ्तार, छात्रों संग नेपाल से लौटते वक्त हुई कार्रवाई

-सुपौल बॉर्डर पर नशे में धुत 5 शिक्षक गिरफ्तार, छात्रों संग नेपाल से लौटते वक्त हुई कार्रवाई

सुपौल:बिहार में शराबबंदी कानून के बीच सुपौल जिले के भारत-नेपाल बॉर्डर स्थित भीमनगर चेकपोस्ट पर बड़ी कार्रवाई सामने आई है। मध निषेध विभाग की टीम ने जांच अभियान के दौरान शराब के नशे में पांच शिक्षकों को गिरफ्तार किया है। सभी शिक्षक मुख्यमंत्री बिहार दर्शन योजना के तहत छात्रों के परिभ्रमण दल के साथ नेपाल से लौट रहे थे।
जानकारी के अनुसार, चेकपोस्ट पर सघन जांच के दौरान नेपाल से लौट रहे संदिग्धों को रोककर ब्रेथ एनालाइजर से जांच की गई। जांच में सभी पांचों के शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई, जिसके बाद उन्हें तत्काल हिरासत में ले लिया गया।
गिरफ्तार शिक्षकों की पहचान मधेपुरा जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के रहने वाले सिवंश कुमार उर्फ शक्ति शामन, दीपनारायण राम, इंग्लिश कुमार, मिठू कुमार और खगड़िया जिले के धीरेन्द्र कुमार के रूप में हुई है। इनमें से तीन शिक्षक कुमारखंड प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय परिहारी में पदस्थापित बताए जा रहे हैं।


बताया जा रहा है कि ये सभी शिक्षक छात्रों को शैक्षणिक भ्रमण के लिए नेपाल के ऐतिहासिक स्थलों पर लेकर गए थे। आरोप है कि भ्रमण के दौरान ही इन्होंने शराब का सेवन किया और लौटते वक्त जांच में पकड़े गए।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। लोगों का कहना है कि जिन शिक्षकों पर बच्चों के भविष्य निर्माण की जिम्मेदारी होती है, उनका इस तरह का आचरण बेहद चिंताजनक है।
मध निषेध विभाग के इंस्पेक्टर संजय प्रियदर्शी ने बताया कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू है, जिसके तहत शराब का सेवन, खरीद-बिक्री और परिवहन पूरी तरह प्रतिबंधित है। सभी आरोपियों को कानूनी प्रक्रिया पूरी कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
वहीं, सुपौल के डीएम सावन कुमार ने कहा कि गिरफ्तार शिक्षकों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई के लिए संबंधित जिलों को पत्र भेजा जाएगा। उधर, मधेपुरा के जिलाधिकारी अभिषेक रंजन ने बताया कि मामले की जांच जिला शिक्षा पदाधिकारी से कराई जाएगी और रिपोर्ट के आधार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।