-सीतामढ़ी से जयपुर के लिए नियमित ट्रेन सेवा शुरू, क्षेत्र में खुशी की लहर
सीतामढ़ी। मिथिलांचल के यात्रियों के लिए बड़ी सौगात के रूप में राजस्थान और सीतामढ़ी को जोड़ने वाली ट्रेन संख्या 19725/19726 की नियमित रेल सेवा शुरू हो गई है। खातीपुरा (जयपुर) से रवाना हुई उद्घाटन ट्रेन को प्रधानमंत्री, रेल मंत्री तथा बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा हरी झंडी दिखाए जाने के बाद जब ट्रेन सीतामढ़ी पहुंची तो रेलवे अधिकारियों, सामाजिक संगठनों और नागरिकों ने इसका भव्य स्वागत किया।
इस अवसर पर केन्द्रीय रेलवे रेलयात्री संघ एवं कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट), सीतामढ़ी के जिलाध्यक्ष राजेश कुमार सुन्दरका ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और सीतामढ़ी सांसद देवेश चन्द्र ठाकुर के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि माता सीता की प्राकट्य स्थली सीतामढ़ी को राजस्थान से जोड़ने वाली इस नियमित ट्रेन सेवा के शुरू होने से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। इससे मिथिलांचल के लोगों को पर्यटन, व्यवसाय और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए उत्तर-पश्चिम भारत की यात्रा करने में बड़ी सुविधा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि जयपुर अपनी ऐतिहासिक धरोहरों, राजपूताना वास्तुकला और गुलाबी नगरी की पहचान के लिए विश्व प्रसिद्ध है। नई रेल सेवा से दोनों राज्यों के बीच सांस्कृतिक और आर्थिक संबंध भी मजबूत होंगे। साथ ही उन्होंने सांसद देवेश चन्द्र ठाकुर से ट्रेन की समय-सारिणी में सुधार, कोचों की संख्या बढ़ाने तथा भविष्य में नमो भारत रैपिड ट्रेन के परिचालन की दिशा में भी पहल करने की अपेक्षा जताई।

ट्रेन के सीतामढ़ी पहुंचने पर जिलाध्यक्ष राजेश कुमार सुन्दरका एवं कैट के सचिव आलोक कुमार ने उद्घाटन ट्रेन के लोको पायलट अरविन्द कुमार और वरिष्ठ सहायक लोको पायलट अभिनव राज को फूल-माला पहनाकर सम्मानित किया। साथ ही माता सीता की प्राकट्य झांकी और प्रमुख तीर्थस्थलों का स्मृति-चिह्न भेंट कर पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक, समस्तीपुर मंडल रेल प्रबंधक तथा अन्य रेल अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में स्टेशन अधीक्षक नीतीश्वर कुमार सिंह, वाणिज्य अधीक्षक अजय कुमार, रामप्रवेश प्रसाद, नोलेज धानुकार, मनोरंज कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
ट्रेन का समय
ट्रेन संख्या 19725 (खातीपुरा-सीतामढ़ी-दरभंगा) : सोमवार, मंगलवार, बुधवार, गुरुवार, शनिवार एवं रविवार को रात्रि 10:30 बजे खातीपुरा (जयपुर) से प्रस्थान करेगी। दूसरे दिन रात्रि 10:10 बजे सीतामढ़ी पहुंचेगी और 5 मिनट के ठहराव के बाद 10:15 बजे दरभंगा के लिए रवाना होगी।
ट्रेन संख्या 19726 (दरभंगा-सीतामढ़ी-खातीपुरा) : सोमवार, मंगलवार, बुधवार, गुरुवार, शुक्रवार एवं शनिवार को सुबह 4:30 बजे दरभंगा से चलेगी। सुबह 6:00 बजे सीतामढ़ी पहुंचेगी और 5 मिनट के ठहराव के बाद 6:05 बजे जयपुर के लिए रवाना होगी। यह अगले दिन सुबह 8:40 बजे खातीपुरा पहुंचेगी।
जयपुर के लिए नई ट्रेन सेवा शुरू होने पर डॉ. महावीर ठाकुर, डॉ. ज्योति सुल्तानिया, डॉ. रमन ठाकुर, डॉ. रानी कुमारी, डॉ. बबीता कुमारी, डॉ. आशा कुमारी सहित सीतामढ़ी के अनेक नागरिकों ने केंद्र सरकार, रेल मंत्रालय और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को बधाई देते हुए इस पहल का स्वागत किया।











