-साहेबगंज में भीषण अग्निकांड: महादलित टोले में 20 से अधिक घर जले, सिलेंडर ब्लास्ट से मची अफरातफरी
मुजफ्फरपुर। जिले के नगर परिषद साहेबगंज स्थित नीम चौक के समीप महादलित टोले में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और करीब 20 से अधिक घर इसकी चपेट में आ गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगने के दौरान एक गैस सिलेंडर में विस्फोट भी हुआ, जिससे आग और तेजी से फैल गई। वहीं तेज पछुआ हवा ने हालात को और भयावह बना दिया, जिससे लपटें पूरे टोले में फैलती चली गईं।

स्थानीय लोगों और मिनी दमकल की मदद से आग बुझाने की कोशिश लगातार जारी है, लेकिन आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन हरकत में आया है।
सीओ ने बताया कि मोतीपुर से बड़ा दमकल वाहन मौके के लिए रवाना कर दिया गया है, जिसके पहुंचने के बाद राहत कार्य में तेजी आने की उम्मीद है।
इस अग्निकांड से इलाके में अफरातफरी और दहशत का माहौल है। फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है।









