-सावन की सोमवारी पर पूजा सेंट्रल स्कूल में झांकी प्रतियोगिता, शिव-पार्वती की प्रस्तुति रही आकर्षण का केंद्र
समस्तीपुर(दीपक)। कल्याणपुर प्रखंड अंतर्गत सहुरी स्थित पूसा सेंट्रल स्कूल में सावन की सोमवारी के अवसर पर जूनियर एवं नन्हे-मुन्ने छात्र-छात्राओं के बीच झांकी प्रतियोगिता एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ स्कूल के डायरेक्टर मदन राय ने किया।
प्रतियोगिता के दौरान छोटे-छोटे बच्चों ने भगवान शिव, माता पार्वती सहित विभिन्न धार्मिक स्वरूपों की आकर्षक झांकियां प्रस्तुत कीं। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में मौजूद शिक्षक-शिक्षिकाओं और अभिभावकों का मन मोह लिया। विशेष रूप से शिव-पार्वती की झांकी आकर्षण का केंद्र रही। बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया। बच्चों और शिक्षकों के बीच फोटो सेशन भी आयोजित किया गया, जिसमें सभी ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। बेहतर प्रदर्शन करने वाले बच्चों और उत्कृष्ट झांकी प्रस्तुत करने वाले प्रतिभागियों को विद्यालय की ओर से सम्मानित किया गया।
विद्यालय की प्राचार्य नेहा कुमारी एवं निशांत कुमार डब्लू ने बताया कि बच्चों के उत्साहवर्धन और उनकी प्रतिभा को निखारने के उद्देश्य से समय-समय पर इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे बच्चे भगवान के स्वरूप होते हैं और उनके अंदर छिपी प्रतिभा को मंच प्रदान करना विद्यालय की प्राथमिकता है।
कार्यक्रम को लेकर विद्यालय के शिक्षकों और छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला। सावन की सोमवारी के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम ने विद्यालय परिसर में धार्मिक एवं सांस्कृतिक माहौल को और भी जीवंत बना दिया। वरीय शिक्षक दिनेश मिश्रा ने आभार ज्ञापित किया।इस दौरान स्कूल की सभी शिक्षक शिक्षिकाएं सक्रिय रूप से शामिल रहे।












