-सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजापाकर में प्रधान लिपिक को भावभीनी विदाई
राजापाकर-संजय श्रीवास्तव।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजापाकर परिसर में स्वास्थ्य केंद्र के प्रधान लिपिक वशिष्ठ प्रसाद सिंह के सेवानिवृत्ति उपरांत विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों ने उन्हें सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल और स्वस्थ जीवन की कामना की।
समारोह को संबोधित करते हुए प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. एसपी उपाध्याय ने कहा कि वशिष्ठ प्रसाद सिंह का कार्यकाल अत्यंत सराहनीय रहा है। उन्होंने प्रधान लिपिक के रूप में अपनी सभी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा और नियमों के अनुरूप किया। उन्होंने कहा कि जब से उन्हें प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी की जिम्मेदारी मिली, तब से अब तक वशिष्ठ बाबू ने हर कार्य को ईमानदारी और तत्परता से पूरा किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं सेवानिवृत्त प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. एसके रावत ने कहा कि नौकरी में एक न एक दिन सभी को सेवा से विदा लेना पड़ता है। विदाई का क्षण भावुक जरूर होता है, लेकिन सेवा काल में किए गए अच्छे कार्य ही व्यक्ति की पहचान बनकर रह जाते हैं। उन्होंने उपस्थित स्वास्थ्य कर्मियों को भी कर्तव्यनिष्ठा एवं ईमानदारी के साथ कार्य करने की सलाह दी।
मौके पर उपस्थित चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों ने वशिष्ठ प्रसाद सिंह को अंगवस्त्र, फूल-माला एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। समारोह में डॉ. राजदीप, डॉ. अनिरुद्ध यादव, डॉ. मनीषा, डॉ. रविंद्र नाथ, हेल्थ मैनेजर सौरभ रंजन, डीसीएम रामराज सिंह, अविनाश कुमार, ऋषि कुमार, आकृति कुमारी, परमजीत कुमार, एएनएम लक्ष्मी कुमारी, निशा कुमारी, अनिता कुमारी, गीता रानी, शोभा कुमारी, ललिता कुमारी समेत कई स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।












