–ससुराल वालों की प्रताड़ना से पीड़ित महिला, घर में प्रवेश से रोका; ग्रामीणों में आक्रोश
राजापाकर। प्रखंड क्षेत्र के जफरपट्टी पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या 14 अलीपुर मांझीपुर में एक महिला को ससुराल पक्ष द्वारा प्रताड़ित करने का मामला सामने आया है। पीड़ित महिला बेबी देवी ने आरोप लगाया है कि उसे उसके पति और ससुराल वालों ने घर से निकाल दिया है और अब उसे वापस घर में प्रवेश भी नहीं करने दिया जा रहा है।
बेबी देवी ने बताया कि उनके पति किशन कुमार (पिता महेश्वर सिंह) राजापाकर थाना क्षेत्र के अलीपुर मांझीपुर निवासी हैं। उनके पति ने तलाक के लिए न्यायालय में मामला भी दायर कर रखा है। महिला का आरोप है कि उसे छोटी बच्ची के साथ घर से भगा दिया गया, जिसके बाद वह मायके में रह रही थी। इस दौरान उसके दो बच्चों को उससे अलग कर लिया गया।

पीड़िता ने बताया कि पिछले दो वर्षों में कई बार ससुराल में रहने का प्रयास किया गया और पंचायत भी हुई, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। पिछले चार दिनों से वह फिर ससुराल पहुंची है, लेकिन सास, ससुर और जेठानी ने घर का दरवाजा बंद कर रखा है और उसे अंदर नहीं जाने दिया जा रहा है।
स्थानीय लोगों के समझाने के बावजूद ससुराल पक्ष का रवैया नहीं बदला। ग्रामीण शंकर सिंह, रामश्रेष्ठ सिंह, सत्यनारायण सिंह, लखेंद्र सिंह, बाली सिंह, सुबोध सिंह और असेश्वर पासवान सहित अन्य लोगों ने इस घटना पर नाराजगी जताते हुए इसे मानवता को शर्मसार करने वाली घटना बताया है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप कर पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग की है।











