-सकरी चंदपुरा चौर में बिजली तार चोरी, रातों-रात काट ले गए चोर; इलाके की आपूर्ति ठप
मुजफ्फरपुर/बन्दरा। दीपक।हत्था थाना क्षेत्र के सकरी चंदपुरा चौर में शुक्रवार की देर रात चोरों ने बिजली विभाग को बड़ा नुकसान पहुंचाते हुए एलटी एवं एसटी पोल के तार काटकर चोरी कर ली। सुबह जब ग्रामीणों ने क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित देखी तो मामले की जानकारी सामने आई।
बताया जा रहा है कि चोरों ने करीब 60 एलटी पोल और 50 एसटी पोल के तारों को निशाना बनाया और सुनसान इलाके का फायदा उठाकर तार काटकर फरार हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में बिजली आपूर्ति ठप हो गई, जिससे ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पेयजल, सिंचाई और घरेलू कार्य प्रभावित हुए हैं।

स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग और हत्था थाना पुलिस को सूचना दी। विभागीय कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर क्षति का आकलन किया और आपूर्ति बहाल करने की प्रक्रिया शुरू की। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और चोरों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
ग्रामीणों ने रात में गश्ती बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।











