-रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी: प्लेटफॉर्म बदलते ही मोबाइल पर मिलेगा लाइव अलर्ट, NTES ऐप होगा और स्मार्ट
नई दिल्ली। भारतीय रेलवे ने करोड़ों रेल यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अपने नेशनल ट्रेन इन्क्वायरी सिस्टम (NTES) को अत्याधुनिक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। नए अपग्रेड के बाद अब यदि किसी ट्रेन का प्लेटफॉर्म बदला जाता है, तो इसकी सूचना यात्रियों को उनके मोबाइल पर रियल टाइम लाइव अलर्ट के रूप में मिल जाएगी। साथ ही ट्रेन के विलंब, आगमन-प्रस्थान समय और अन्य जरूरी अपडेट भी तुरंत उपलब्ध होंगे।
रेलवे के अनुसार, इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए यात्रियों को अपने स्मार्टफोन में मौजूद NTES ऐप पर अपनी ट्रेन को ट्रैक कर अलर्ट विकल्प को सक्रिय करना होगा। इसके बाद प्लेटफॉर्म नंबर में किसी भी तरह का बदलाव होते ही मोबाइल पर तत्काल सूचना प्राप्त होगी। इससे यात्रियों को स्टेशन पर बार-बार उद्घोषणाएं सुनने या पूछताछ काउंटर पर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

एक क्लिक पर मिलेगी पूरी जानकारी:
अपग्रेड के बाद यात्री NTES ऐप के माध्यम से ट्रेन की लाइव लोकेशन, आगमन और प्रस्थान का समय, लेट होने की स्थिति तथा पूरा रूट चार्ट भी आसानी से देख सकेंगे। रेलवे का कहना है कि यह सुविधा यात्रा को अधिक सुरक्षित, सरल और सुविधाजनक बनाएगी।
हर घंटे 1.19 लाख से अधिक सक्रिय यूजर्स:
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, वर्तमान में NTES ऐप का उपयोग हर घंटे 1.19 लाख से अधिक सक्रिय यूजर्स कर रहे हैं। त्योहारी सीजन, गर्मियों की छुट्टियों और सर्दियों में कोहरे के दौरान जब ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित होती है, तब यह ऐप यात्रियों के लिए काफी उपयोगी साबित होता है।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि NTES पर उपलब्ध सभी सूचनाएं सीधे रेलवे के केंद्रीय कंट्रोल रूम से रियल टाइम में अपडेट की जाती हैं। इसलिए यात्रियों को मिलने वाली जानकारी विश्वसनीय और अद्यतन होती है। रेलवे को उम्मीद है कि नई सुविधा लागू होने के बाद यात्रियों को और बेहतर यात्रा अनुभव मिलेगा।












