Advertisement

राजापाकर में सहयोग शिविर आयोजित, 39 आवेदन प्राप्त, पांच मामलों का मौके पर हुआ निष्पादन

-राजापाकर में सहयोग शिविर आयोजित, 39 आवेदन प्राप्त, पांच मामलों का मौके पर हुआ निष्पादन

राजापाकर। संजय। प्रखंड क्षेत्र के ग्राम पंचायत राज राजेपुर बेरई स्थित पंचायत सरकार भवन परिसर में जिलाधिकारी वर्षा सिंह के निर्देश पर सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन स्थानीय मुखिया कुणाल कुमार, बीडीओ सूर्य प्रताप सिंह सेंगर, बीपीआरओ सुधी रंजन कुमार एवं अंचलाधिकारी निशा यादव ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला कृषि पदाधिकारी विकास कुमार उपस्थित रहे।

शिविर में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए, जहां आम लोगों की समस्याओं से जुड़े आवेदन लिए गए। बीडीओ सूर्य प्रताप सिंह सेंगर ने बताया कि यह सहयोग शिविर प्रत्येक माह के पहले और तीसरे मंगलवार को पंचायत स्तर पर आयोजित किया जाएगा। अगले माह 2 जून को रामपुर रत्नाकर उर्फ सरसई पंचायत एवं मीरपुर पतांढ पंचायत में भी शिविर लगाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि शिविर का उद्देश्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। राशन, पेंशन, जमीन विवाद, जाति एवं आय प्रमाण पत्र, बिजली, पानी सहित अन्य सरकारी योजनाओं से संबंधित समस्याओं और शिकायतों के समाधान के लिए यह पहल की गई है।

शिविर में आम लोगों के बैठने, पेयजल एवं मरीजों के लिए दवा की व्यवस्था भी की गई थी। शिविर में कुल 39 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से पांच मामलों का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया। शेष आवेदनों का निपटारा 30 दिनों के भीतर करने का आश्वासन अधिकारियों ने दिया।

इस दौरान पांच लोगों को जॉब कार्ड, आठ लोगों को स्वास्थ्य कार्ड तथा दो लाभार्थियों को कन्या उत्थान योजना का लाभ प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में बीडीओ सूर्य प्रताप सिंह सेंगर, बीपीआरओ सुधीर रंजन कुमार, मुखिया कुणाल कुमार, सीओ निशा यादव, एएसआई विनोद कुमार सिंह, इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार, बीसीओ अनामिका कुमारी, बीसीएम रामराज सिंह, सीडीपीओ मंजू कुमारी, विकास मित्र दिलीप कुमार, एएनएम रानी कुमारी, आशा उषा कुमारी, जेई अनामिका कुमारी, बीपीएम राजकुमार साह, किसान सलाहकार रंजीत राम, कनीय विद्युत अभियंता विक्रम कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।