–राजापाकर में लोजपा (रामविलास) द्वारा नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन
राजापाकर/बिद्दुपुर (वैशाली)। संजय श्रीवास्तव।
बिद्दुपुर प्रखंड के चेचर बेदाम चौक से दक्षिण मधुरापुर पेठिया प्रांगण में युवा लोजपा (रामविलास) एवं चिकित्सा प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में पद्मभूषण श्रद्धेय रामविलास पासवान जी की स्मृति में नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता युवा प्रखंड अध्यक्ष अवधेश पासवान ने की।
शिविर का उद्घाटन प्रदेश महासचिव हरिहर पासवान एवं युवा लोजपा (रामविलास) के जिला अध्यक्ष पवन राज ने संयुक्त रूप से रामविलास पासवान जी के तैल चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने उनके सामाजिक योगदान को याद करते हुए जनसेवा के प्रति समर्पण दोहराया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए युवा जिला अध्यक्ष पवन राज ने कहा कि शहरों जैसी स्वास्थ्य सुविधाएं गांव-गांव तक पहुंचाना संगठन का लक्ष्य है। उन्होंने बताया कि इस प्रकार के नि:शुल्क मेडिकल कैंप आगे भी विभिन्न क्षेत्रों में निरंतर लगाए जाएंगे, ताकि जरूरतमंद लोगों को घर के नजदीक ही इलाज की सुविधा मिल सके।

शिविर में मरीजों की बीपी, शुगर सहित अन्य सामान्य स्वास्थ्य जांच की गई। महिला चिकित्सक द्वारा महिलाओं से संबंधित समस्याओं की जांच कर उन्हें उचित परामर्श भी दिया गया। इस दौरान डॉ. संतोष कुमार, डॉ. आलोक कुमार, डॉ. महेश राय, डॉ. कामिनी कुमारी एवं डॉ. मुकेश कुमार सहित अन्य चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं दीं।
चिकित्सकों ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य बुजुर्गों, महिलाओं एवं जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है, ताकि समय रहते बीमारी का पता लगाकर उचित इलाज किया जा सके।
कार्यक्रम में सुरेंद्र ठाकुर (राष्ट्रीय सचिव, किसान प्रकोष्ठ), अवध पांडे, राजीव निराला, सोनू पासवान (जिला महासचिव), ऋषभ कुमार (युवा जिला महासचिव), नवीन कुमार पासवान (युवा जिला सचिव), उदय कुमार देवराज (हाजीपुर युवा प्रखंड अध्यक्ष), करण राय, सुधीर कुमार यादव एवं कृष्ण मुरारी पासवान सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।









