Advertisement

राजापाकर में गैस संकट खत्म, उपभोक्ताओं को मिली राहत

–राजापाकर में गैस संकट खत्म, उपभोक्ताओं को मिली राहत

राजापाकर-संजय श्रीवास्तव। राजापाकर प्रखंड क्षेत्र में एलपीजी गैस की किल्लत अब धीरे-धीरे समाप्त हो रही है। बुधवार को भगवानपुर स्थित गौतम एचपी गैस एजेंसी की गाड़ी प्रखंड मुख्यालय के राजापाकर बाजार पहुंची, जहां पहले से बुकिंग कर चुके उपभोक्ताओं को निर्धारित मूल्य पर गैस सिलेंडर का वितरण किया गया।
एजेंसी के कर्मी अवधेश कुमार और कुंदन कुमार ने बताया कि अब गैस की पर्याप्त उपलब्धता हो गई है, जिससे उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी। उन्होंने बताया कि गैस सिलेंडर की कीमत ₹1001 तथा ₹19 भाड़ा मिलाकर कुल ₹1020 ली जा रही है।


गौरतलब है कि अमेरिका-ईरान-इजरायल के बीच तनाव के बाद करीब 15 दिनों तक गैस की भारी कमी हो गई थी। इस दौरान उपभोक्ताओं को लंबी कतारों में लगना पड़ा और कई लोगों को ब्लैक में गैस खरीदने की मजबूरी झेलनी पड़ी। हालांकि अब स्थिति सामान्य हो रही है और आपूर्ति पूर्व की तरह बहाल कर दी गई है।
एजेंसी कर्मियों के अनुसार, फिलहाल 25 दिन पूरे होने पर ही गैस बुकिंग की जा रही है। उपभोक्ता ऑनलाइन बुकिंग कर ओटीपी के माध्यम से गैस प्राप्त कर सकते हैं। 45 दिन की अवधि संबंधी नियम अभी लागू नहीं हुआ है, जिसे 1 अप्रैल से लागू किए जाने की संभावना है।
वहीं उपभोक्ता राधिका देवी, पूजा देवी, प्रमोद वर्मा, नीलम देवी, पारस भगत, रुक्मिणी देवी और रणजीत दास ने बताया कि उनका कनेक्शन गौतम एचपी गैस भगवानपुर से है और हर बुधवार को गैस की गाड़ी आकर नियमित आपूर्ति करती है। अब क्षेत्र में गैस को लेकर किसी प्रकार की समस्या नहीं रह गई है।