-राजापाकर प्रखंड में पंचायत समिति की बैठक सम्पन्न, विधायक महेंद्र राम ने अधिकारियों को दिया समय पर कार्य करने का निर्देश
राजापाकर (संजय श्रीवास्तव)।
प्रखंड कार्यालय राजापाकर के सभागार में पंचायत समिति सदस्यों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रखंड के सभी मुखिया, पंचायत समिति सदस्य तथा विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक महेंद्र राम शामिल हुए। प्रखंड प्रमुख ललित कुमारी ने उन्हें शॉल और बुके भेंट कर भव्य स्वागत किया। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड प्रमुख ललिता देवी ने की, जबकि संचालन प्रखंड विकास पदाधिकारी सूर्य प्रताप सिंह ने किया।
बैठक की शुरुआत सभी उपस्थित पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के परिचय से हुई। इसके बाद विधायक महेंद्र राम ने संबोधित करते हुए कहा कि सभी विभागों के अधिकारी आम जनता का कार्य समय पर करें और किसी को अनावश्यक परेशान न करें। उन्होंने कहा कि सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। यदि किसी अधिकारी या जनप्रतिनिधि को कोई समस्या हो तो वे सीधे उनसे संपर्क करें, समाधान का प्रयास किया जाएगा। साथ ही जनप्रतिनिधियों से जनता के साथ संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान कराने की अपील की।

बैठक में विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों ने अपने-अपने विभागों में संचालित योजनाओं की जानकारी दी। पशु चिकित्सा पदाधिकारी गणेश शंकर विद्यार्थी ने बताया कि पशु चिकित्सालय में पशुओं के लिए सभी आवश्यक दवाएं उपलब्ध हैं और संक्रामक बीमारियों से बचाव के लिए नियमित टीकाकरण किया जाता है। पीएचडी की अनामिका कुमारी ने जानकारी दी कि नल-जल योजना के तहत खराब पाइपलाइन एवं उपकरणों की मरम्मत कराई जा रही है। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. एसपी उपाध्याय ने बताया कि स्वास्थ्य केंद्र में अधिकांश दवाएं उपलब्ध हैं और ओपीडी में लिखी गई दवाएं मरीजों को काउंटर से दी जा रही हैं।
बैठक में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों में सरिता पटेल, तपसी प्रसाद सिंह, कुणाल कुमार, गीता देवी, बेबी कुमारी, प्रमिला देवी, उपेंद्र राय, नीलम भारती, सत्येंद्र नारायण सिंह, नथुनी प्रसाद सिंह, डॉ. एसपी उपाध्याय, राजकुमार शाह, अनामिका कुमारी सहित कई लोग मौजूद रहे।











