-मोहर्रम को लेकर रामनगर में शांति समिति की बैठक, निर्धारित मार्ग से ताजिया जुलूस निकालने के निर्देश
मुजफ्फरपुर/गायघाट, दीपक कुमार। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर गायघाट थाना क्षेत्र के रामनगर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों तथा समाज के गणमान्य लोगों ने भाग लिया।
बैठक की अध्यक्षता सर्किल इंस्पेक्टर मुकेश शर्मा एवं थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने की। इस दौरान मोहर्रम के अवसर पर निकलने वाले ताजिया जुलूस, सुरक्षा व्यवस्था तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
सर्किल इंस्पेक्टर मुकेश शर्मा ने कहा कि मोहर्रम का पर्व आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाया जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि ताजिया एवं अलम केवल प्रशासन द्वारा निर्धारित मार्गों से ही निकाले जाएंगे।

साथ ही जुलूस में इस्तेमाल होने वाले झंडों की ऊंचाई भी निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने को कहा गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस बार किसी भी प्रकार की नई परंपरा शुरू करने की अनुमति नहीं होगी।
थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने कहा कि पर्व के दौरान सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने या भ्रामक पोस्ट करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी विवाद या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।
बैठक में मुस्लिम समाज के लोगों से शांति, संयम और आपसी सद्भाव बनाए रखने की अपील की गई। पुलिस अधिकारियों ने चेतावनी दी कि क्षेत्र की शांति व्यवस्था भंग करने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा प्रबंध किए जा रहे हैं।












