Advertisement

-मोबाइल पर दूसरी युवती का फोन आते ही भड़की प्रेमिका

-क्लब रोड पर बीच सड़क हुआ हाई-वोल्टेज ड्रामा

मुजफ्फरपुर। शहर के मिठनपुरा थाना क्षेत्र स्थित क्लब रोड पर शनिवार को उस समय अफरातफरी का माहौल बन गया, जब एक युवती ने अपने प्रेमी को दूसरी लड़की से फोन पर बात करते हुए पकड़ लिया। इसके बाद बीच सड़क पर दोनों के बीच तीखी बहस और हंगामा शुरू हो गया, जिसे देखने के लिए राहगीरों की भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार, युवक अपनी प्रेमिका को स्कूटी पर बैठाकर क्लब रोड से गुजर रहा था। इसी दौरान उसके मोबाइल पर एक दूसरी युवती का फोन आया। मोबाइल स्क्रीन पर दूसरी लड़की का नाम देखते ही प्रेमिका नाराज हो गई और उसने स्कूटी रुकवा दी। इसके बाद दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते सड़क पर हाई-वोल्टेज ड्रामे में बदल गई।


प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवती ने युवक पर दूसरी लड़की से संबंध रखने का आरोप लगाया और बीच सड़क पर जमकर नाराजगी जताई। मौके पर काफी देर तक हंगामा चलता रहा, जिससे सड़क पर लोगों की भीड़ लग गई और यातायात भी कुछ समय के लिए प्रभावित हुआ।
बताया जाता है कि मामला बढ़ता देख युवती ने डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर शांत कराया। पुलिस ने दोनों को आवश्यक समझाइश देकर मामला शांत कराया। घटना को लेकर किसी पक्ष की ओर से औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी रही और मौके पर मौजूद कई लोगों ने इसका वीडियो भी बना लिया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से साझा किया जा रहा है।