-मुजफ्फरपुर में सख्त वाहन जांच अभियान, 80 चालान काटे गए
मुजफ्फरपुर/मयंक राज। शहर में सड़क सुरक्षा को लेकर शनिवार को परिवहन विभाग ने मोतीझील फ्लाईओवर पर विशेष वाहन जांच अभियान चलाया। इस दौरान विभाग की टीम ने संदिग्ध वाहनों के साथ-साथ बिना हेलमेट, ट्रिपल लोडिंग और बिना लाइसेंस वाहन चला रहे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की।
अभियान के तहत फ्लाईओवर से गुजरने वाले वाहनों को रोककर उनके कागजातों की बारीकी से जांच की गई। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों का मौके पर ही चालान काटा गया, जिससे वाहन चालकों में हड़कंप मच गया।

इस दौरान परिवहन विभाग के एडीटीओ, एमवीआई समेत पुलिस बल के जवान मौके पर मौजूद रहे। अधिकारियों ने संयुक्त रूप से “रोको-टोको अभियान” चलाते हुए लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया।
एडीटीओ ने जानकारी देते हुए बताया कि अब तक करीब 80 चालान काटे जा चुके हैं, जिनमें अधिकांश मामले बिना हेलमेट, ट्रिपल लोडिंग और बिना वैध लाइसेंस के वाहन चलाने से जुड़े हैं। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि अपनी सुरक्षा के लिए हेलमेट का नियमित उपयोग करें और यातायात नियमों का पालन करें।
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा को मजबूत करने और दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।









