-मुजफ्फरपुर में दिनदहाड़े लूट: पूर्व वार्ड पार्षद से सोने की चेन छीनी, पीछा करने में युवक घायल
मुजफ्फरपुर। जिले में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। ताजा मामला शहर के वार्ड संख्या 17 का है, जहां पूर्व वार्ड पार्षद विकास सहनी के गले से सोने की चेन छीनकर बदमाश फरार हो गया।
बताया जाता है कि अपराधी अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार था और घटना को अंजाम देने के बाद पिस्टल लहराते हुए मौके से भाग निकला। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

इसी दौरान बदमाश का पीछा करने के क्रम में वर्तमान वार्ड पार्षद गणिता देवी के पुत्र का एक्सीडेंट हो गया, जिसमें वह घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन में जुट गई है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और अपराधी की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।
इस घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है और पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठने लगे हैं।









