-मुजफ्फरपुर में 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह की भव्य तैयारी पूरी
-पंडित जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में होगा मुख्य राजकीय समारोह
मुजफ्फरपुर, 13 अगस्त 2026। 15 अगस्त को 80वां स्वतंत्रता दिवस जिले में हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया जाएगा। जिला मुख्यालय से लेकर प्रखंड एवं पंचायत स्तर तक स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिले का मुख्य राजकीय समारोह सिकंदरपुर स्थित ऐतिहासिक पंडित जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित होगा। समारोह में राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के मंत्री सह मुजफ्फरपुर के जिला प्रभारी मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और उपस्थित लोगों को संबोधित करेंगे।
समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए जिलाधिकारी कुमार गौरव एवं वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्र ने सिकंदरपुर स्टेडियम में आयोजित अंतिम रिहर्सल का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने परेड में शामिल विभिन्न टुकड़ियों की तैयारियों का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने समारोह की गरिमा, अनुशासन और प्रोटोकॉल का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
परेड में बीएसएपी, डीएपी, होमगार्ड पुरुष, फायर ब्रिगेड, सैप, होमगार्ड बैंड, मद्य निषेध विभाग, एनसीसी तथा स्काउट एंड गाइड की टुकड़ियां शामिल होंगी। सभी टुकड़ियों को मार्च पास्ट के दौरान बेहतर समन्वय, अनुशासन और एकरूपता बनाए रखने का निर्देश दिया गया है।

स्वतंत्रता दिवस को लेकर जिले में विधि-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन अलर्ट है। जिलाधिकारी ने डीएसपी ट्रैफिक को यातायात व्यवस्था सुचारू रखने का निर्देश दिया है, ताकि समारोह में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति करने तथा उनके दायित्व स्पष्ट रूप से निर्धारित करने का निर्देश दिया गया है।
समारोह स्थल पर स्वास्थ्य और स्वच्छता की भी विशेष व्यवस्था की जा रही है। स्टेडियम परिसर में मेडिकल टीम की तैनाती के साथ मैदान की साफ-सफाई, रंग-रोगन, मंच की सजावट, बैठने की व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाओं को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया गया है।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए स्वतंत्रता दिवस समारोह को शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और गरिमामय तरीके से संपन्न कराने का निर्देश दिया। प्रशासन ने जिलेवासियों से समारोह में शामिल होकर राष्ट्रीय पर्व को उत्साह, गर्व और देशभक्ति की भावना के साथ मनाने की अपील की है।












