Advertisement

मुजफ्फरपुर जंक्शन पर मोबाइल चोर रंगे हाथ गिरफ्तार

-मुजफ्फरपुर जंक्शन पर मोबाइल चोर रंगे हाथ गिरफ्तार

-आरपीएफ ने की त्वरित कार्रवाई

मुजफ्फरपुर। यात्रियों की सुरक्षा को लेकर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) द्वारा लगातार निगरानी एवं गश्त की जा रही है। इसी क्रम में शनिवार को मुजफ्फरपुर जंक्शन पर एक मोबाइल चोर को रंगे हाथ पकड़ने में सफलता मिली।

आरपीएफ पोस्ट मुजफ्फरपुर के निरीक्षक प्रभारी मनीष कुमार के नेतृत्व में गठित टीम में तैनात उप निरीक्षक गोकुलेश पाठक, उप निरीक्षक सुष्मिता, प्रधान आरक्षी शम्भूनाथ साह एवं आरक्षी लालबाबू खान स्टेशन पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान अपराह्न लगभग 4:10 बजे अनारक्षित टिकट घर के पास “चोर-चोर” की आवाज सुनाई दी। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से भाग रहे एक युवक को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अंकित कुमार (उम्र 20 वर्ष), पिता श्री चंदन झा, निवासी नाजीपुर, थाना अहियापुर, जिला मुजफ्फरपुर बताया। वहीं पीड़ित यात्री ने अपना नाम सोनू कुमार (उम्र 19 वर्ष), पिता श्री लालजी साहनी, निवासी हुस्सेपुर वार्ड-06, थाना साहेबगंज, जिला मुजफ्फरपुर बताया। सोनू मुंबई जाने के लिए स्टेशन आया था और मोबाइल चार्जिंग में लगाकर बैठा था, तभी आरोपी ने मोबाइल चुराने का प्रयास किया।

आरपीएफ द्वारा आरोपी की तलाशी लेने पर उसके पास से रेडमी और सैमसंग कंपनी के दो टचस्क्रीन मोबाइल बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि इनमें से एक मोबाइल उसी दिन चोरी किया था जबकि दूसरा पहले की चोरी का है।

पीड़ित सोनू कुमार ने मोबाइल की पहचान की और उसे अपना बताया। इसके बाद उप निरीक्षक गोकुलेश पाठक द्वारा तलाशी सह जब्ती ज्ञापन तैयार कर अभियुक्त को मोबाइल सहित 4:40 बजे गिरफ्तार कर जीआरपी मुजफ्फरपुर को सुपुर्द कर दिया गया।

जीआरपी द्वारा मामले में एफआईआर दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। बरामद मोबाइल की अनुमानित कीमत लगभग 50,000 रुपये बताई जा रही है।

#मुजफ्फरपुर #रेलवे_स्टेशन #मोबाइलचोरी #आरपीएफकार्रवाई #यात्री_सुरक्षा #GRP #रेलवेचोरी