-मुजफ्फरपुर के विशाल बने LJP (रामविलास) के प्रदेश महासचिव, किशोर कुंदन व आकाश वशिष्ठ को मिली प्रदेश सचिव की जिम्मेदारी
पटना, 6 सितंबर 2026। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के पटना स्थित प्रदेश कार्यालय में रविवार को आयोजित कार्यक्रम में मुजफ्फरपुर के तीन नेताओं को संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के निर्देश एवं पिछड़ा/अति पिछड़ा प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. प्रकाश चंद्र के मार्गदर्शन में प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष सुनील कुमार यादव ने मनोनयन की घोषणा की।
इसके तहत मुजफ्फरपुर के विशाल को प्रदेश महासचिव, जबकि किशोर कुंदन एवं आकाश वशिष्ठ को प्रदेश सचिव के पद पर मनोनीत किया गया।
कार्यक्रम में पार्टी के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव मनोज कुमार, राष्ट्रीय महासचिव शंकर शर्मा, प्रदेश संगठन मंत्री ललन कुमार टाटी समेत कई प्रदेश पदाधिकारी एवं जिला अध्यक्ष मौजूद रहे।

इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष सुनील कुमार यादव ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को नई जिम्मेदारी सौंपते हुए संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने मिशन 2030 के लक्ष्य को लेकर संगठन विस्तार और मजबूती के लिए पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करने की जिम्मेदारी नवनियुक्त पदाधिकारियों को दी।
उन्होंने कहा कि पार्टी संगठन को मजबूत करते हुए चिराग पासवान को मुख्यमंत्री की कुर्सी तक पहुंचाने के लक्ष्य को लेकर सभी पदाधिकारी पूरी तत्परता से कार्य करें।
वहीं, नवनियुक्त प्रदेश पदाधिकारियों ने पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार जताते हुए कहा कि वे संगठन द्वारा दी गई जिम्मेदारी का पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे। साथ ही पार्टी को बूथ और पंचायत स्तर तक मजबूत बनाने के लिए लगातार काम करने का भरोसा दिलाया।













