-मुजफ्फरपुर के तैराक सत्यनारायण प्रसाद को इंग्लिश चैनल पार करने का मौका, आर्थिक सहयोग की दरकार
मुजफ्फरपुर।मुजफ्फरपुर के वरिष्ठ तैराक एवं जिला तैराकी संघ के अध्यक्ष सत्यनारायण प्रसाद को विश्व की सबसे प्रतिष्ठित ओपन वॉटर स्विमिंग चुनौतियों में से एक ‘इंग्लिश चैनल’ पार करने का दुर्लभ अवसर प्राप्त हुआ है। यह चुनौती डोवर (इंग्लैंड) से फ्रांस तक लगभग 36 किलोमीटर की दूरी तय कर पूरी की जाती है।
इस अंतरराष्ट्रीय अभियान के लिए सत्यनारायण प्रसाद को ‘चैनल स्विमिंग एंड पायलटिंग फेडरेशन (CS&PF), यूनाइटेड किंगडम’ से आधिकारिक सदस्यता, स्विमिंग स्लॉट की पुष्टि तथा औपचारिक आमंत्रण प्राप्त हो चुका है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार यह अभियान 1 सितंबर 2026 से 15 अक्टूबर 2026 के बीच आवंटित स्लॉट में आयोजित किया जाएगा।
बताया गया है कि इस चुनौतीपूर्ण स्विमिंग अभियान के सफल संचालन के लिए पायलट बोट, पंजीकरण शुल्क, सुरक्षा व्यवस्था, अंतरराष्ट्रीय यात्रा, वीजा, आवास सहित अन्य तकनीकी व्यवस्थाओं पर करीब 8 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है।

सत्यनारायण प्रसाद ने बताया कि एक खिलाड़ी के लिए इतनी बड़ी राशि व्यक्तिगत स्तर पर जुटाना बेहद कठिन है। इसको लेकर उन्होंने बिहार तैराकी संघ एवं जिला संघ के माध्यम से बिहार सरकार और बिहार खेल प्राधिकरण को आर्थिक सहयोग के लिए विस्तृत ज्ञापन सौंपा है।
गौरतलब है कि सत्यनारायण प्रसाद इससे पूर्व मुर्शिदाबाद की भागीरथी नदी में आयोजित 81 किलोमीटर लंबी विश्व स्तरीय चुनौतीपूर्ण तैराकी को सफलतापूर्वक पूरा कर चुके हैं, जो उनकी क्षमता और समर्पण को दर्शाता है।
बिहार तैराकी संघ की अध्यक्ष विभा कुमारी, सचिव अखिलेश्वर नाथ तिवारी, वरीय तकनीकी निदेशक रामबिलास पांडेय तथा मुजफ्फरपुर जिला तैराकी संघ के चेयरमैन राजेश कुमार और सचिव कुंदन राज ने विश्वास जताया कि यदि हर स्तर पर उन्हें सहयोग मिला, तो सत्यनारायण प्रसाद इंग्लिश चैनल पार कर नया कीर्तिमान स्थापित कर सकते हैं।











