Advertisement

मुख्यमंत्री शैक्षणिक परिभ्रमण के तहत सिमरा मध्य विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने किया वैशाली गढ़ का ऐतिहासिक भ्रमण

-मुख्यमंत्री शैक्षणिक परिभ्रमण के तहत सिमरा मध्य विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने किया वैशाली गढ़ का ऐतिहासिक भ्रमण

मुजफ्फरपुर/बन्दरा। दीपक। मुख्यमंत्री शैक्षणिक परिभ्रमण योजना के अंतर्गत प्रखंड क्षेत्र के मध्य विद्यालय सिमरा के सीनियर कक्षा के छात्र-छात्राओं का दल शनिवार को ऐतिहासिक स्थलों के भ्रमण के लिए वैशाली रवाना हुआ। भ्रमण पर गए शिक्षकों ने बताया कि बच्चों का दल सुबह 8 बजे विद्यालय परिसर से प्रस्थान कर करीब 11 बजे अपने गंतव्य स्थल पहुंचा।
परिभ्रमण के दौरान छात्र-छात्राओं ने इतिहास और संस्कृति से जुड़े प्रमुख स्थलों का अवलोकन किया। सबसे पहले बच्चों ने बसोकुंड (भगवान महावीर जन्मस्थली) में दर्शन कर जैन धर्म के इतिहास की जानकारी प्राप्त की। इसके बाद पंचमुखी महादेव मंदिर, विश्व शांति स्तूप वैशाली, संग्रहालय, ध्यान केंद्र तथा वैशाली गढ़ का भ्रमण किया।

शैक्षणिक यात्रा के दौरान शिक्षकों ने बच्चों को वैशाली के गौरवशाली इतिहास, प्राचीन गणतंत्र व्यवस्था और धार्मिक महत्व की विस्तृत जानकारी दी। बच्चों ने ऐतिहासिक धरोहरों को करीब से देखकर उत्साह और आनंद व्यक्त किया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक हरेंद्र नाथ तिवारी, सहायक शिक्षक दिनेश प्रसाद यादव, सचिव बेबी चौधरी, शिक्षक सुरेंद्र प्रसाद एवं संजय कुमार के साथ अभिभावक जूली चौधरी, रिंकू कुमारी तथा रसोईया सोनी देवी और रीता देवी मौजूद रहीं। सभी की देखरेख में भ्रमण कार्यक्रम शांतिपूर्वक संपन्न हुआ।
शिक्षकों ने बताया कि इस तरह के शैक्षणिक परिभ्रमण से बच्चों का ज्ञानवर्धन होता है और उन्हें किताबों के बाहर भी इतिहास व संस्कृति को समझने का अवसर मिलता है।