Advertisement

मनेर में बच्चों के विवाद ने लिया हिंसक रूप

-मनेर में बच्चों के विवाद ने लिया हिंसक रूप

पटना। दीपक कुमार तिवारी।

राजधानी पटना के मनेर थाना क्षेत्र से बड़ी खबर सामने आई है, जहां बच्चों के बीच शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। इस दौरान जमकर रोड़ेबाजी हुई, जिसमें दर्जनों लोग घायल हो गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 25 लोगों को गिरफ्तार किया है।
मनेर थाना क्षेत्र के छितनावां गांव में बच्चों के बीच हुए छोटे से विवाद ने अचानक उग्र रूप ले लिया। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और कहासुनी के बाद जमकर पथराव शुरू हो गया। करीब आधे घंटे तक चले इस हिंसक संघर्ष में महिला और पुरुष समेत दर्जनों लोग घायल हो गए। कई लोगों के सिर फूट गए, जबकि कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।


घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही मनेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद हालात पर काबू पाया। पुलिस ने मौके से 25 लोगों को गिरफ्तार किया है। साथ ही दो पिस्तौल और 6 खोखा भी बरामद किए गए हैं, जिससे घटना की गंभीरता और बढ़ जाती है।
घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और अन्य आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की बात कह रही है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि “स्थिति अब नियंत्रण में है। दोषियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।”
फिलहाल गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है।