-मनियारी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 1400 लीटर विदेशी शराब जब्त, एक तस्कर गिरफ्तार
मुजफ्फरपुर: जिले में शराब के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मनियारी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाइयों में कुल 1400 लीटर से अधिक विदेशी शराब बरामद करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।
वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत पहली कार्रवाई महुआ रोड (वैशाली की ओर जाने वाली) पर की गई। यहां पुलिस ने एक संदिग्ध पिकअप वैन को रोककर तलाशी ली, जिसमें भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई। इस दौरान राजा कुमार नामक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया। इस वाहन से करीब 950 लीटर शराब जब्त की गई।

वहीं, दूसरी कार्रवाई में मनियारी थाना क्षेत्र के ही एक अन्य स्थान से दो स्कॉर्पियो गाड़ियों को जब्त किया गया। इन वाहनों से कुल 467 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई।
इस तरह दोनों कार्रवाइयों में कुल 1400 लीटर से अधिक विदेशी शराब, एक पिकअप वैन और दो स्कॉर्पियो गाड़ियों को जब्त किया गया है।
नगर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि शराब तस्करी के पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार अभियुक्त से पूछताछ कर सप्लाई चेन और मुख्य सरगनाओं की पहचान की जा रही है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने के लिए आगे भी इस तरह के विशेष अभियान जारी रहेंगे।











