Advertisement

मच्छरों पर नियंत्रण को लेकर निगम सख्त, प्रतिदिन दो अंचलों में फॉगिंग-

-मच्छरों पर नियंत्रण को लेकर निगम सख्त, प्रतिदिन दो अंचलों में फॉगिंग

वार्ड पार्षदों से समन्वय का निर्देश, फॉगिंग के साथ एंटी लार्वा स्प्रे का भी छिड़काव; शिकायत के लिए टोल फ्री नंबर 155304

मुजफ्फरपुर। शहर में मच्छरों के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए नगर निगम ने फॉगिंग अभियान तेज कर दिया है। नगर निगम की ओर से प्रतिदिन दो अंचलों में नियमित रूप से फॉगिंग कराई जा रही है, ताकि लोगों को मच्छरों से राहत मिल सके और डेंगू व मलेरिया जैसी बीमारियों की आशंका को कम किया जा सके। इसके साथ ही संभावित मच्छर प्रजनन स्थलों पर एंटी लार्वा दवा का भी नियमित रूप से छिड़काव कराया जा रहा है।

निगम प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को निर्देश दिया है कि फॉगिंग एवं एंटी लार्वा स्प्रे का कार्य स्थानीय वार्ड पार्षदों के साथ समन्वय स्थापित कर किया जाए, ताकि प्रत्येक वार्ड में यह अभियान प्रभावी ढंग से संचालित हो सके और किसी भी क्षेत्र की अनदेखी न हो।

नगर आयुक्त ऋतुराज प्रताप सिंह ने कहा कि मच्छरों के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए प्रतिदिन दो अंचलों में फॉगिंग कराई जा रही है। इसके साथ ही जलजमाव वाले स्थानों एवं संभावित मच्छर प्रजनन स्थलों पर एंटी लार्वा दवा का छिड़काव भी कराया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को वार्ड पार्षदों के साथ समन्वय बनाकर अभियान चलाने का निर्देश दिया है, ताकि हर मोहल्ले तक इसका लाभ पहुंच सके।

निगम प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने आसपास पानी जमा न होने दें और साफ-सफाई बनाए रखें, ताकि मच्छरों के पनपने की संभावना कम हो सके। किसी भी प्रकार की समस्या या शिकायत के लिए नगर निगम के टोल फ्री नंबर 155304 पर संपर्क किया जा सकता है।