Advertisement

भाजपा को लगता है कि यहां के आदिवासी बोका लोग है : हेमंत सोरेन

-भाजपा को लगता है कि यहां के आदिवासी बोका लोग है : हेमंत सोरेन

जमशेदपुर ।दिलीप।

आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार कार्यक्रम के तहत जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित गोपाल मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करते मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने विपक्ष पर निशाना साधा तथा कहा कि विपक्ष जन कल्याणकारी योजनाओं का विरोध कर रहा है।
वहीं झारखंड सरकार जन कल्याणकारी योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचा रही है। गांवों व पंचायतों में उत्साह व खुशी का माहौल है। पिछली सरकार ने युवाओं, बुजुर्गो, महिलाओं, छात्रों, मरीजों, विधवाओं, दिव्यांगों के लिए कुछ नहीं किया।

इसका प्रमाण है आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार में आ रहे आवेदनों में मिल रहा है। विरोधियों ने कागज पर ही योजनाओं को चलाने का कार्य किया है। भयानक लूट मची थी। उसका ठीकरा हम पर फोड़ा जा रहा है, लेकिन हमने हिम्मत नहीं हारी। आज हमने सभी योजनाओं को गांव व पंचायत तक पहुंचाने का कार्य किया है। पदाधिकारियों को आदेश दिया है कि सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ देने के लिए वे गांव तक जाएं तथा गांव में जाकर ही वहीं पर समस्याओं का समाधान करें। जिसके लिए विरोधी धरना दे रहे हैं उसका जवाब तो सुप्रीम कोर्ट ने दिया है। उनका धरना-प्रदर्शन ही फ्लाप हो गया है।
भाजपा को लगता है कि यहां के आदिवासी बोका यानि मूर्ख लोग है। भाजपा सिर्फ षड़यंत्र रचना जानती है, आम आदमी को लाभ पहुंचाना नहीं। वर्तमान झारखंड सरकार आदिवासी, पिछड़ों के बच्चे को विदेशों में पढ़ाने का कार्य कर रही है। विकास कार्य की रफ्तार तेज पकड़ी ही थी कि अब सुखाड़ आ गया। इसके लिए 31 लाख किसानों को 3500 रुपया करके सहायता राशि प्रदान की जाएगी। झारखंड का पहला राज्य है, जहां सर्वजन को पेंशन मिल रही है। सरकारी कर्मचारियों को पुरानी पेंशन लागू करने वाला भी देश का पहला राज्य बना। हेमंत ने कहा कि हम गरीबों व जरूरतमंदों के आंसू पोंछ रहे हैं तो विरोधियों के मन में डर लगने लगा है। विरोधी योजनाओं को ही ढोंग करार दे रहे हैं। मुख्यमंत्री ने घाेषणा की है कि जमशेदपुर के लिए एक नए बाइपास की योजना पर कार्य चल रहा है, जो पूरे कोल्हान क्षेत्र को आपस में जोड़ेगी।