Advertisement

बेला औद्योगिक क्षेत्र की फैक्ट्री में भीषण आग, लाखों की संपत्ति जलकर राख

-बेला औद्योगिक क्षेत्र की फैक्ट्री में भीषण आग, लाखों की संपत्ति जलकर राख

मुजफ्फरपुर। बेला फेज-वन औद्योगिक क्षेत्र स्थित श्री कृष्णा फैक्ट्री में मंगलवार को अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि देखते ही देखते पूरी फैक्ट्री इसकी चपेट में आ गई। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया और आसपास की फैक्ट्रियों में काम कर रहे मजदूरों में दहशत फैल गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। फैक्ट्री से अचानक धुएं का घना गुबार उठता देख आसपास के लोग और अन्य फैक्ट्रियों के कर्मचारी सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। घटना की सूचना मिलते ही बेला थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।


आग की चपेट में आने से फैक्ट्री में रखा बहुमूल्य कच्चा माल, तैयार उत्पाद और कीमती मशीनें जलकर राख हो गईं। दमकल कर्मियों ने स्थानीय पुलिस और मजदूरों के सहयोग से घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया।
हालांकि राहत की बात यह रही कि इस अग्निकांड में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। पुलिस प्रशासन और संबंधित विभाग की टीम आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है तथा नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
इस घटना के बाद बेला औद्योगिक क्षेत्र के उद्योग संचालकों में भी चिंता बढ़ गई है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सुरक्षा मानकों की समीक्षा की बात कही है।